Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल संचालक की मौत महज एक हादसा नहीं, बल्कि बेहद शातिराना तरीके से की गई हत्या निकली। पुलिस ने चंद घंटों की तफ्तीश में इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में कत्ल के लिए किसी हथियार का नहीं, बल्कि एक जहरीले सांप का इस्तेमाल किया गया था।
हस्तिनापुर के रामलीला मैदान के पास रहने वाले अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ 'कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल' का संचालन करते थे। शुक्रवार सुबह दामिनी ने परिजनों को बताया कि अतुल को सांप ने काट लिया है, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, पुलिस को मौके की स्थिति देखकर शक हुआ।
20 लाख का बीमा और लव अफेयर बना वजह
जब पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। दामिनी का अपने ही स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की के साथ प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे। इसके अलावा, अतुल के नाम पर 20 लाख रुपये की बीमा राशि थी, जिसे हड़पने के लिए यह पूरी खौफनाक साजिश रची गई।
कंबल में छोड़ दिया जहरीला सांप
पुलिस के अनुसार, घटना की रात दामिनी ने योजना के तहत अतुल को दूध में नींद की गोलियों की ओवरडोज दे दी। जब अतुल बेसुध हो गया, तो तुषार ने अपने साथियों, सोनू और उदय की मदद से एक जहरीला सांप लाकर अतुल के कंबल में छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई। आरोपियों ने सोनू और उदय को इस काम के लिए 5 लाख रुपये देने का वादा किया था। पुलिस को तुषार के फोन से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर भी मिली है।
20 दिन पहले भी हुआ था जानलेवा हमला
मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अविनाश पांडे ने बताया कि आरोपियों ने 20 दिन पहले भी अतुल को अर्टिगा कार से टक्कर मारकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट की वजह से अतुल बच गया था। तब दामिनी ने पुलिस शिकायत नहीं करने दी थी। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों, दामिनी, तुषार, सोनू और उदय को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सांप और डिजिटल साक्ष्यों को फॉरेंसिक लैब (FSL) जांच के लिए भेजा गया है।
