Things To Say To Child Before Exam: बच्चे दो चीजों से काफी ज्यादा घबराते हैं, परीक्षा और रिजल्ट। ये दोनों ही आपस में जुड़े हुए हैं और आजकल तो परीक्षा का समय भी चल रहा है। कुछ बच्चों के एग्जाम शुरू हो गए हैं और कुछ के शुरू होने वाले हैं। ऐसे में बच्चे डरे नहीं और घबराहट में कोई गलती न करें, इसके लिए माता-पिता को ही कुछ करना पड़ेगा। सबसे जरूरी है कि परीक्षा देने के लिए जब बच्चा जाए तो सेंटर पर ही यानी स्कूल-कॉलेज के बाहर, उनसे कुछ अच्छी बातें कही जाएं। यहां हम आपको वो तीन बातें बता रहे हैं, जो बच्चे से करनी चाहिए।
1. पूरे पेपर को ध्यान से पढ़ना
बच्चे अक्सर जल्दी-जल्दी में गलती कर देते हैं। ऐसे में जब बच्चे एग्जाम देने जा रहा हो तो सबसे पहले उसे या दिलाएं कि उसे पेपर अच्छे से पढ़ना है और पढ़ने में गलती नहीं करना है। बच्चों को साथ ही समझाएं कि जो आता है वही सबसे पहले करना है। जब बच्चे ध्यान से पढ़ेंगे तो पेपर देते हुए समय अपने-आप मैनेज हो जाता है।
2. पेपर तुम्हारी काबिलियत तय नहीं करता
बच्चे परीक्षा से घबराते और डरते बहुत हैं। इसका सीधा कारण है कि उन्हें भी नंबर लाने का प्रेशर महसूस होता है। वो कम नंबर और फेल होने से डरते हैं। परीक्षा देने से पहले आपको अपने बच्चों को बोलना होगा कि पेपर तुम्हारी काबिलियत तय नहीं करता और नंबर से तुम बड़े हो। ईमानदारी से कोशिश करो, वही सबसे बड़ी जीत है।
3. तुमने तैयारी की है, घबराना नहीं, शांत रहो
बच्चा खुद पर विश्वास तभी करेगा जब आप उसपर विश्वास दिखाएंगे। पढ़ाई कम हो या ज्यादा, लेकिन बच्चे ने पढ़ाई तो की है। तो बच्चे को कहें कि तुमने जो पढ़ा है वही आएगा। घबराहट से नहीं, भरोसे से पेपर अच्छा होता है। इसलिए बिना डरे, जो आता है, जितना आता है- समझदारी से लिखना है।
परीक्षा शुरू होने से पहलें माता-पिता रखें इन बातों का ध्यान-
अब हमने ये तो बता दिया कि परीक्षा के दिन बच्चे से क्या बोलना है, लेकिन परीक्षा के दिन आने से पहले यानी शुरू होने से पहले भी माता-पिता को कुछ बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। सबसे पहले तो बच्चे को कम से कम 20 दिन पहले से ही नियम में रखें। इसका मतलब है कि बच्चा समय पर सोने जाए और सुबह उठ जाए। इससे परीक्षा वाले दिन, सुबह में एग्जाम देते हुए बच्चे को नींद नहीं आएगी। इसके अलावा बच्चे को फोन देने से बचें। एग्जाम के समय में बच्चा अगर फोन देखता है तो फोकस बिगड़ने लगता है और वो किताब से ज्यादा फोन की बातें याद रखता है। ऐसे में मोबाइल फोन से दूरी जरूरी है। साथ ही बच्चे को रोज पढ़ने और रिविजन करने की आदत लगाएं। बार-बार एक ही चीज पढ़ने से यादाश्त तेज होगी और परीक्षा के दौरान जवाब भुलने का चांस कम होगा।
