लाइफस्टाइल

तनाव के दौर में लोग सबसे ज्यादा करते हैं ये 3 डाइट मिस्टेक, रुजुता दिवेकर ने बताया स्ट्रेस की बड़ी वजह

Stress Diet Mistakes: क्या आप जानते हैं आपका तनाव बढ़ने के पीछे की वजह खानपान की कुछ गलतियां भी हो सकती हैं? जानें तनाव और हार्मोन बैलेंस के लिए सही खानपान की अहमियत।

Image

स्ट्रेस मैनेज करना है तो इन 3 गलतियों से बचें

Stress Diet Mistakes: आजकल लगभग हर दूसरा व्यक्ति तनाव से जूझ रहा है। काम का दबाव, पैसों की चिंता, परिवार की जिम्मेदारियां और भागदौड़ भरी जिंदगी हमारे तनाव को बढ़ा देती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार हमारा खानपान भी स्ट्रेस बढ़ाने का कारण बन जाता है? सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट और हेल्थ इंफ्लुएंसर रुजुता दिवेकर (Rujuta Diwekar Tips) के अनुसार, लोग तनाव कम करने के लिए कई तरह की डाइट अपनाते हैं, लेकिन इसी दौरान कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो शरीर और दिमाग दोनों पर बुरा असर डाल सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसी 3 आम डाइट मिस्टेक्स के बारे में।

पहली गलती: रोटी-चावल छोड़ देना

वजन कम करने या फिट दिखने के चक्कर में कई लोग सबसे पहले रोटी, चावल, दाल, पोहा, उपमा, इडली और डोसा जैसी चीजें खाना कम कर देते हैं। रुजुता दिवेकर का कहना है कि यह सही तरीका नहीं है।

भारतीय भोजन में मिलने वाला संतुलित पोषण शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी होता है। जब हम बिना सोचे-समझे इन चीजों को छोड़ देते हैं, तो शरीर का संतुलन बिगड़ सकता है और तनाव महसूस होने लगता है।

दूसरी गलती: सुबह का नाश्ता छोड़ना

बहुत से लोग जल्दी में घर से निकल जाते हैं और नाश्ता नहीं करते। कुछ लोगों को लगता है कि इससे वजन कम होगा, लेकिन इसका असर पूरे दिन की सेहत पर पड़ सकता है।

रुजुता दिवेकर के अनुसार, सुबह का नाश्ता शरीर को दिनभर काम करने की ताकत देता है। अगर आप खाली पेट दिन की शुरुआत करते हैं, तो थकान, चिड़चिड़ापन और तनाव ज्यादा महसूस हो सकता है। इसलिए सुबह का हेल्दी नाश्ता छोड़ने की आदत बदलना जरूरी है।

तीसरी गलती: फलों को नजरअंदाज करना

तनाव के समय लोग अक्सर चाय, कॉफी या पैकेट वाले स्नैक्स ज्यादा खाने लगते हैं, जबकि ताजे फलों को भूल जाते हैं। रुजुता सलाह देती हैं कि मौसम के अनुसार मिलने वाले फल, जैसे केला और आम, रोज की डाइट में शामिल करने चाहिए।

ये फल पाचन को बेहतर रखने में मदद करते हैं। साथ ही शरीर को ऐसे पोषक तत्व देते हैं जो तनाव के असर को कम करने में सहायक हो सकते हैं।

एक्सपर्ट क्या देती हैं सलाह

रुजुता दिवेकर का मानना है कि तनाव से निपटने के लिए किसी महंगी डाइट या मुश्किल नियम की जरूरत नहीं होती। समय पर खाना, सुबह का नाश्ता करना, पारंपरिक भारतीय भोजन खाना और रोज ताजे फल शामिल करना जैसी छोटी आदतें ही शरीर और दिमाग को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती हैं। इसलिए अगर आप तनाव से परेशान रहते हैं, तो अपनी थाली पर भी एक नजर जरूर डालिए।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article