लाइफस्टाइल

बचे हुए चावल से बनाएं स्वादिष्ट सोया बिरयानी, सिर्फ 20 मिनट में हो जाएगी तैयार

Soya Biryani Recipe: बचे हुए चावल से आप कम समय में सोया बिरयानी बना सकते हैं। 20 मिनट की यह सोया बिरयानी रेसिपी झटपट तैयार हो जाती है जिसे लंच और डिनर में खा सकते हैं।

Image

बचे हुए चावल से बनाएं स्वादिष्ट सोया बिरयानी (फोटो: AI)

Soya Biryani Recipe: ज्यादातर घरों में रात के बचे हुए चावल अगले दिन अक्सर फेंके ही जाते हैं। लेकिन अगर आप उन्हीं चावलों से कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके बेहद काम आ सकता है। आज हम आपको बताएंगे झटपट तैयार होने वाली सोया बिरयानी की रेसिपी जो एक बेहतरीन विकल्प है। इसे बनाने में सिर्फ 20 मिनट का समय लगता है और इसका स्वाद भी आपको बार-बार इसे बनाने पर मजबूर कर देगा। यह रेसिपी स्वाद के साथ-साथ हेल्दी भी है क्योंकि सोया चंक्स की वजह से इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

सोया बिरयानी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

2 कप बचे हुए पके चावल, 1 कप सोया चंक्स, 1 बड़ा प्याज (पतला कटा हुआ), 1 टमाटर (बारीक कटा हुआ), 1 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 बड़े चम्मच दही, 1 छोटा चम्मच बिरयानी मसाला, छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, छोटा चम्मच धनिया पाउडर, 1 छोटा चम्मच जीरा, 2 तेजपत्ता, 2 लौंग, 2 इलायची, 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी, 2 बड़े चम्मच तेल, नमक स्वादानुसार

हरा धनिया और पुदीना, थोड़ा सा घी।

ऐसे तैयार करें बिरयानी

एक बर्तन में पानी उबालें और उसमें सोया चंक्स डालकर 5-7 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इन्हें छानकर ठंडे पानी से धो लें और हाथ से अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए। ऐसा करने से सोया चंक्स का कच्चापन खत्म हो जाता है और मसाले अच्छी तरह अंदर तक पहुंचते हैं। इसके बाद एक कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें जीरा, तेजपत्ता, लौंग, इलायची और दालचीनी डालकर कुछ सेकंड तक भूनें। अब कटे हुए प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। फिर टमाटर डालकर अच्छी तरह गलने दें। अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और बिरयानी मसाला डालकर मसालों को भून लें।

अब इसमें दही डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं। इसके बाद तैयार किए हुए सोया चंक्स डालकर 3-4 मिनट तक मसालों के साथ अच्छी तरह पकाएं। अब आखिर में बचे हुए चावल डालें और हल्के हाथों से मिलाएं ताकि चावल टूटें नहीं। ऊपर से हरा धनिया, पुदीना और थोड़ा सा घी डाल दें। ढक्कन लगाकर 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। आपकी स्वादिष्ट सोया बिरयानी तैयार है।

किसके साथ करें सर्व

ठंडे बूंदी रायते, पुदीने की चटनी, सलाद और पापड़ के साथ सोया बिरयानी का मजा और भी ज्यादा बढ़ जाता है। अगर घर में मेहमान अचानक आ जाएं, तो यह रेसिपी कम समय में एक शानदार और पेटभर भोजन बन सकती है। ऐसे में अगली बार जब चावल बच जाएं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article