Sonali Bendre Relationship Tips for Happy Marriage: सोनाली बेंद्रे बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा हैं। उन्होंने फिल्म प्रोड्यूसर गोल्डी बहल से शादी की है। दोनों की शादी को 20 साल से ज्यादा समय हो गया है। सोनाली ने हाल ही में सफल और खुशहाल शादी का राज बताया है। सोनाली बेंद्रे ने बताया है कि किन बातों का ध्यान रखकर कपल्स अपनी शादी को मजबूत और प्यार भरा बनाए रख सकते हैं।
सोनाली बेंद्रे ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में सफल शादी के सीक्रेट्स शेयर किये। पहले तो सोनाली से पूछा गया कि रिलेशनशिप को लेकर वो आज के यंग कपल्स को क्या सलाह देना चाहेंगी? इसके जवाब में सोनाली ने कहा - "आज के यंग कपल्स को सलाह देना मुश्किल है, क्योंकि वे मानते हैं कि उन्हें सब कुछ पहले से पता है। उनके पास इंटरनेट है। गूगल और चैट जीपीटी जैसे टूल्स हैं, जो हर सवाल का जवाब फौरन दे देते हैं। इसलिए वे किसी की भी सलाह को गंभीरता से नहीं लेते, और उन्हें सलाह देने की कोशिश करने वाले अक्सर नाकाम हो जाते हैं।"
सफल शादी के लिए जरूरी है बराबरी
सोनाली बेंद्रे से जब सफल शादी का राज पूछा गया तो उन्होंने बताया कि, "मेरे हिसाब से शादी ऐसी चीज है जिसमें रोज थोड़ी-थोड़ी मेहनत करनी पड़ती है। इसे कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। दोनों पति-पत्नी को मिलकर इस रिश्ते पर काम करना होता है और साथ ही एक-दूसरे का सम्मान करना बहुत जरूरी है। शादी एक ऐसा रिश्ता है जो बराबरी और आपसी साझेदारी पर टिकता है।"
अपनी खूबियों से खत्म करें दूसरे की खामियां
बकौल सोनाली बेंद्रे ये जरूरी नहीं कि हर काम में पति पत्नी एक जैसे हों, लेकिन हमारी खूबियां एक-दूसरे की खामियों को पूरा करें। सोनाली ने कहा कि, "अब मुझे कुछ चीजें अच्छे से आती हैं और कुछ मेरे पति को, तो हम अपनी जिम्मेदारियां उसी हिसाब से बांटते हैं। शादी का मतलब है एक-दूसरे का साथ। वक्त के साथ समझ आता है कि कभी-कभी आप ज्यादा समझौता करते हैं, और कभी आपका पार्टनर करता है।"
शादी की आत्मा है प्यार और सम्मान
सोनाली बेंद्रे ने ये भी बताया कि जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। बराबरी का मतलब हर छोटे काम में बराबरी नहीं बल्कि लंबे सफर में एक-दूसरे की इज्जत और परवाह सबसे जरूरी है। यानि शादी में हर चीज बराबर नहीं होती, लेकिन प्यार, सम्मान और सहयोग सबसे अहम होते हैं।"
इंटरनेट की दुनिया ने बदले हैं रिश्ते
सोनाली बेंद्रे मानती हैं कि इंटरनेट अपने साथ दुनिया और रिश्तों में बहुत बड़ा बदलाव लाया है। सोनाली के अनुसार अब बहुत तेजी से बदलाव हो रहा है। पहले एक जेनरेशन बदलने में 20–25 साल लगते थे, लेकिन अब ऐसा लगता है कि हर 3 साल में चीजें बदल जाती हैं। सब कुछ एकदम उल्टा हो गया है। इंटरनेट ने लोगों के जीने और जुड़ने के तरीके ही बदल दिए हैं।
