Single Father Parenting Tips: सिंगल फादर होना आसान नहीं होता। एक तरफ ऑफिस की जिम्मेदारियां होती हैं, तो दूसरी तरफ बच्चे की देखभाल का सबसे अहम काम। ऐसे में समय, ऊर्जा और जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना कई बार काफी मुश्किल हो जाता है। यहां हम कुछ उपाय बता रहे हैं जो सिंगल फादर्स के लिए बड़े काम की साबित हो सकती हैं। जरूरत है इन उपायों पर पूरी समझदारी और ईमानदारी से अमल करने की। आइए जानते हैं कि सिंगल फादर्स अपनी जीवन को किस तरह से आसान बना सकते हैं:
एडवांस में डे प्लान बनाएं
अगर आप अकेले बच्चे की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तो हर दिन का एक रूटीन बनाना बहुत जरूरी है। बच्चे के खाने, खेलने, सोने और ऑफिस के काम का एक तय शेड्यूल बनाने से चीजें व्यवस्थित रहती हैं। इससे तनाव भी कम होता है और समय का बेहतर इस्तेमाल हो पाता है।
मदद मांगने में ना हिचकिचाएं
हर काम अकेले करना जरूरी नहीं है। परिवार, दोस्तों या भरोसेमंद बेबी सिटर की मदद लेने में हिचकिचाएं नहीं। जरूरत पड़ने पर कुछ घंटों की मदद भी आपके लिए राहत का कारण बन सकती है।
प्राथमिकताएं तय करें
हर काम को एक साथ करने की कोशिश करने के बजाय जरूरी कामों को प्राथमिकता दें। अगर कुछ काम बाद में भी हो सकते हैं, तो उन्हें टालने में कोई बुराई नहीं है। खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना मानसिक थकान बढ़ाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भूलकर भी पिता से ना कहें ये बातें
बच्चे संग बिताएं क्वालिटी टाइम
ऑफिस से लौटने के बाद कुछ समय सिर्फ बच्चे के लिए निकालें। उसके साथ खेलें, कहानी सुनाएं या बस बातें करें। इससे बच्चे को भावनात्मक सुरक्षा मिलती है और आपके बीच का रिश्ता भी मजबूत होता है।
टेक्नोलॉजी का लें सहारा
रिमाइंडर ऐप, ऑनलाइन ग्रॉसरी और फूड डिलीवरी जैसी सुविधाएं समय बचाने में मदद कर सकती हैं। छोटे-छोटे काम आसान हो जाने से आप बच्चे के लिए ज्यादा समय निकाल पाएंगे।
सेहत का भी रखें ख्याल
सिंगल फादर अकसर अपनी जरूरतों को नजरंदाज कर देते हैं। लेकिन अच्छी नींद, पौष्टिक भोजन और थोड़ा व्यायाम आपको शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखते हैं। जब आप स्वस्थ रहेंगे, तभी बच्चे की बेहतर देखभाल कर पाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बाप बेटे के रिश्ते में दरार लाती हैं ये बातें, जानें कैसे करें मैनेज
सिंगल पेरेंटिंग एक चुनौती जरूर है, लेकिन यह एक खूबसूरत अनुभव भी है। जरूरी नहीं कि आप हर दिन परफेक्ट हों। बच्चे को सबसे ज्यादा जरूरत आपके समय, प्यार और भरोसे की होती है। थोड़ा धैर्य और सही योजना अपनाकर आप ऑफिस और पेरेंटिंग दोनों जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं।
