लाइफस्टाइल

Father's Day 2026: एक उम्र के बाद बाप-बेटे को 'दूर' कर देती हैं ये बातें, जानिए पापा संग कैसे संभालें रिश्ता

Father's Day 2026: किसी भी रिश्ते में आई खटास को बातचीत और समझदारी से दूर किया जा सकता है। पिता का गुस्सा अकसर उनके फिक्र का ही दूसरा रूप होता है।

Image

इस फादर्स डे पिता के साथ संबंधों को सुधारें (Photo: YouTube)

आज तेजी से बदलती जिंदगी और जनरेशन गैप के कारण मतभेद होना स्वाभाविक है। यही कारण है कि कई बार पिता और पुत्र के बीच अनबन या मनमुटाव की स्थिति पैदा हो जाती है। कई लोग इस खिंचाव को कम करने की कोशिश नहीं करते, जिससे धीरे-धीरे रिश्ता कमजोर होने लगता है। अगर आप भी अपने पिता के साथ अपने संबंधों को फिर से मजबूत और मधुर बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले उन कारणों को समझना जरूरी है जिनकी वजह से यह दूरी आती है।

हम यहां तमाम रिलेशनशिप एक्सपर्ट की बातों का निचोड़ निकालते हुए आपको बता रहे हैं कि पिता-पुत्र के बीच मनमुटाव के 5 मुख्य कारण क्या होते हैं। इसके साथ ही इन्हें सुलझाने के व्यावहारिक उपाय भी दे रहे हैं जो आपके बेहद काम आ सकते हैं:

1. करियर और कॉलेज को लेकर असहमति

देखा जाता है कि पिता अपने अनुभवों के आधार पर बेटे के लिए एक सुरक्षित करियर या कॉलेज चुनना चाहते हैं, जबकि बेटे की रुचि किसी अलग क्षेत्र में होती है। इस वैचारिक मतभेद के कारण दोनों में तनाव बढ़ जाता है।

समाधान: अपने पिता से गुस्सा होने या बहस करने के बजाय उन्हें शांत मन से समझाएं। उन्हें बताएं कि आपने जो फील्ड चुनी है, उसमें आगे बढ़ने की क्या संभावनाएं हैं। अगर आपने उनकी सहमति के बिना भी कोई करियर चुन लिया है, तो उसमें जी-तोड़ मेहनत करके खुद को साबित करें ताकि उन्हें आप पर गर्व हो सके।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: इस फादर्स डे पिता को गिफ्ट करें ये यूनीक चीजें

2. आर्थिक समस्याएं और जिम्मेदारियों का बोझ

पढ़ाई पूरी होने के बाद हर पिता की यह स्वाभाविक इच्छा होती है कि उनका बेटा आत्मनिर्भर बने और घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाए। लेकिन आज के दौर में मनमुताबिक नौकरी मिलना या शुरुआत में अच्छी सैलरी पाना आसान नहीं होता। आर्थिक तंगी या उम्मीदों पर खरा न उतर पाने के कारण अक्सर दोनों के बीच बहस होने लगती है।

समाधान: आर्थिक मुद्दों पर बहस करने से स्थिति सिर्फ बिगड़ती है। बेहतर होगा कि आप अपने पिता को अपनी मौजूदा स्थिति और भविष्य की प्लानिंग के बारे में खुलकर बताएं। उन्हें विश्वास दिलाएं कि आप लगातार प्रयास कर रहे हैं और जल्द ही परिस्थितियों को बेहतर बना लेंगे।

3. जमीन-जायदाद या संपत्ति का विवाद

परिवारों में कई बार जमीन-जायदाद और संपत्ति के बंटवारे को लेकर गंभीर मतभेद खड़े हो जाते हैं। कई बार इस विषय पर बात करते-करते पिता और पुत्र के रिश्ते में कड़वाहट आ जाती है।

समाधान: हमेशा याद रखें कि किसी भी संपत्ति या जमीन से ज्यादा कीमती आपके आपसी रिश्ते होते हैं। इस विषय पर जब भी बात करें, पूरे सम्मान के साथ अपनी बात रखें। किसी भी तरह की जोर-जबरदस्ती या गुस्से का प्रयोग करने के बजाय निष्पक्ष और बराबरी के हक की बात कहें।

4. गलत आदतें और जीवनशैली

माता-पिता हमेशा अपने बच्चों का भला चाहते हैं। अगर बेटा किसी गलत संगति में पड़ जाता है या उसकी आदतें बिगड़ने लगती हैं, तो पिता का टोकना और समझाना लाजमी है। लेकिन कई बार युवा इसे अपनी आजादी में दखल मानकर उनका विरोध करने लगते हैं।

समाधान: खुद का निष्पक्ष मूल्यांकन करें। अगर आपको लगता है कि आपकी कोई आदत या संगति वाकई गलत है, तो अपने भविष्य और परिवार की खुशी के लिए उसे तुरंत छोड़ दें। वहीं, अगर आपको लगता है कि आपके पिता को कोई गलतफहमी हुई है, तो उन्हें आदरपूर्वक पूरी बात सच-सच बताएं।

5. प्रेम संबंध और विवाह के फैसले

हमारे समाज में आज भी कई परिवार प्रेम संबंधों या लव मैरिज के फैसले को आसानी से स्वीकार नहीं कर पाते हैं। जब पिता को बेटे के प्रेम संबंध के बारे में पता चलता है या बेटा अपनी मर्जी से शादी की बात करता है, तो दोनों के बीच गहरी नाराजगी पैदा हो सकती है।

समाधान: अपने पिता से अपनी पर्सनल लाइफ की बातें छिपाने के बजाय उन्हें भरोसे में लें। अपनी इच्छा और जीवनसाथी के चुनाव के पीछे की वजह को उनके सामने मजबूती और सम्मान के साथ रखें। उन्हें अपनी बात सोचने और समझने का थोड़ा समय दें।

किसी भी रिश्ते में आई खटास को बातचीत और समझदारी से दूर किया जा सकता है। पिता का गुस्सा अकसर उनके फिक्र का ही दूसरा रूप होता है। इसलिए पहल चाहे जिसकी भी तरफ से हो, अपने माता-पिता के साथ रिश्ते को सुधारने और उसे पटरी पर लाने की कोशिश हमेशा करते रहना चाहिए।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article