High Protein Diet: आजकल फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल की बात हो तो सबसे पहले जिस पोषक तत्व का नाम सामने आता है, वह प्रोटीन है। अक्सर लोगों को लगता है कि प्रोटीन बढ़ाने के लिए महंगे सप्लीमेंट, विदेशी फूड्स या हाई-फाई डाइट की जरूरत होती है, लेकिन सच यह है कि आपकी रोज की साधारण थाली भी “सुपरडाइट” बन सकती है। बस खाने में कुछ छोटे लेकिन असरदार बदलाव करने की जरूरत है। प्रोटीन शरीर की मांसपेशियों, हड्डियों, त्वचा और इम्यूनिटी के लिए बेहद जरूरी होता है। यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करता है। आइए जानते हैं कि कैसे घर का सिंपल खाना ही प्रोटीन से भरपूर बन सकता है।
सुबह नाश्ते में ऐसे शामिल करें प्रोटीन
अक्सर लोग सुबह चाय-बिस्किट या केवल ब्रेड खाकर दिन की शुरुआत कर लेते हैं, जिससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता। सुबह के नाश्ते में प्रोटीन शामिल करना बेहद जरूरी है। यदि आप सुबह नाश्ते में बेसन चीला, मूंग दाल चीला, पनीर पराठा, स्प्राउट्स या उबले अंडे जैसी चीजें शामिल करते हैं, तो आपको प्रोटीन की अच्छी मात्रा मिल जाती है। अगर आप शाकाहारी हैं तो दूध, दही और मूंगफली भी प्रोटीन के अच्छे विकल्प हैं। इससे दिनभर शरीर में एनर्जी बनी रहती है।
दाल को बनाएं और भी हेल्दी
भारतीय घरों में दाल रोज बनती है, जो शाकाहारियों का सबसे बड़ा प्रोटीन सोर्स है। जिसे आप थोड़ी सी स्मार्टनेस से इसे और ज्यादा पौष्टिक बना सकते हैं। दाल में सोया चंक्स, पनीर के छोटे टुकड़े या अंकुरित दाल मिलाकर उसका प्रोटीन कंटेंट बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा अलग-अलग दालों को मिक्स करके बनाई गई दाल भी ज्यादा पोषण देती है।
खाने के साथ दही और छाछ का सेवन करें
दही में प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, जिसे आप अपने खाने में शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा दही में प्रोबायोटिक्स भी होता है, जो आपके पेट की सेहत का ख्याल रखने के लिए जरूरी हैं। खाने के साथ दही का सेवन करने से आपके खाने में प्रोटीन की मात्रा का बैलेंस बना रहता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
