Homemade Cake Recipe in Hindi, Ghar par cake kaise banayein: मां… एक ऐसा रिश्ता जो बिना किसी शर्त के सिर्फ प्यार, ममता और अपनापन देना जानता है। हर साल मई के दूसरे रविवार को Mother's Day मनाया जाता है। इस साल मदर्स डे 10 मई को मनाया जाएगा। यह दिन मां के प्रति अपने प्यार और सम्मान को जाहिर करने का बच्चों के लिए खास मौका होता है। इस दिन कोई अपनी मां को गिफ्ट देता है, कोई उन्हें खास महसूस कराने के लिए सरप्राइज प्लान करता है, तो कोई उनकी पसंद का खाना बनाकर उनका दिन यादगार बना देता है। अगर आप भी इस मदर्स डे अपनी मां के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं, तो इस बार उनके लिए अपने हाथों से एक स्वादिष्ट Cake बनाकर तैयार करें। इसके लिए आपको एक्सपर्ट बेकर होने की जरूरत नहीं है। देखें एगलेस केक की रेसिपी, घर पर केक कैसे बनाएं, होममेड केक रेसिपी इन हिंदी।
स्पंज केक बनाने के लिए सामग्री
डेढ़ कप मैदा
आधा कप चीनी
आधा कप दही
आधा कप दूध
चौथाई कप तेल या मक्खन
आधा छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
चौथाई छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
आधा छोटा चम्मच वनीला एसेंस
एक चुटकी नमक

Mother's Day 2026 Cake Design
केक कैसे बनाते हैं रेसिपी इन हिंदी
स्टेप 1: बैटर तैयार करें
सबसे पहले एक बड़े बाउल में चीनी और दही डालें। अब इन्हें अच्छी तरह से फेंटें, ताकि मिश्रण हल्का, स्मूद और क्रीमी हो जाए। अब इसमें तेल या पिघला हुआ मक्खन डालकर दोबारा अच्छे से मिक्स करें।
स्टेप 2: सूखी सामग्री मिलाएं
अब मैदा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और एक चुटकी नमक को छान लें। इससे केक ज्यादा सॉफ्ट और स्पंजी बनता है। इसके बाद इन सूखी सामग्री को धीरे-धीरे दही वाले मिश्रण में मिलाएं।
स्टेप 3: दूध डालकर बैटर तैयार करें
अब थोड़ा-थोड़ा करके दूध डालें और बैटर को अच्छे से मिलाते जाएं। ध्यान रखें कि बैटर में गांठें न रहें। बैटर न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला। आखिर में इसमें वनीला एसेंस डालकर एक बार फिर से मिक्स कर लें।
स्टेप 4: केक टिन तैयार करें
केक बनाने के लिए टिन या बर्तन को थोड़ा तेल लगाकर ग्रीस करें। चाहें तो नीचे बटर पेपर भी लगा सकते हैं, ताकि केक आसानी से निकल आए। अब तैयार बैटर को टिन में डाल दें।
स्टेप 5: केक बेक करें
ओवन को पहले से 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट कर लें। अब केक टिन को ओवन में रखें और लगभग 30 से 35 मिनट तक बेक होने दें।
स्टेप 6: केक चेक करें
केक पक गया है या नहीं, यह देखने के लिए उसमें टूथपिक डालें। अगर टूथपिक साफ बाहर आ जाए, तो समझ जाएं कि आपका केक पूरी तरह तैयार है।
स्टेप 7: सजावट करें
केक को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद आप इसे चॉकलेट सिरप, व्हिप्ड क्रीम, ड्राय फ्रूट्स या रंग-बिरंगे स्प्रिंकल्स से सजाकर इसे और भी खास बना सकते हैं।
बोनस टिप
मां को खास महसूस कराने के लिए केक को उनकी पसंद से सजाएं और साथ में गुलाब या छोटा-सा गिफ्ट दें। एक प्यारा हैंडरिटन नोट या 'आई लव यू मां' लिखकर सरप्राइज देंगे, तो उनका दिन और भी यादगार बन जाएगा।
यह लेख मूल रूप से गौरांगी द्वारा लिखा गया है। जो टाइम्स नाऊ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न काम कर रही हैं।
