हेल्थ एक्सपर्ट्स और डॉक्टर्स चेतावनी देते हैं कि अगर आप सी-फूड के शौकीन हैं, तो मानसून में थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। दरअसल बारिश का मौसम कई समुद्री जीवों के लिए प्रजनन का समय होता है। इससे कई तरह की मछलियों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। कुछ मछलियों में बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा भी ज्यादा रहता है। आइए जानते हैं कि बारिश के मौसम में किन तीन तरह की मछलियों को खाने से बचना चाहिए।
झींगा
मानसून में झींगा यानी प्रॉन्स खाने से बचने की सलाह दी जाती है। इस मौसम में झींगा का प्रजनन काल होता है। साथ ही नमी और तापमान के कारण इनमें बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, खासकर अगर इन्हें सही तरीके से स्टोर न किया गया हो। खराब झींगा खाने से फूड पॉइजनिंग, पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
मैकेरल (बांगड़ा)
बांगड़ा भारत के पश्चिमी और दक्षिणी तटीय इलाकों में खूब पसंद की जाती है। लेकिन मानसून के दौरान इसकी ताजगी बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। इस मौसम में मछली जल्दी खराब होने लगती है। अगर यह लंबे समय तक बिना पर्याप्त ठंडक के रखी जाए, तो इसमें हानिकारक बैक्टीरिया विकसित हो सकते हैं। इसलिए बारिश के मौसम में बांगड़ा खरीदते समय उसकी ताजगी पर विशेष ध्यान दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में मांसाहार करने वालों को जरूर पढ़नी चाहिए ये खबर
सार्डिन (माथी)
सार्डिन पोषण से भरपूर मानी जाती है, लेकिन मानसून में इसे लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत होती है। यह भी प्रजनन के दौर से गुजरती है और कई जगहों पर इस मौसम में इसकी पकड़ पर रोक या सीमित अनुमति होती है। अगर मछली ताजा न हो, तो उसका स्वाद ही नहीं, सेहत भी प्रभावित हो सकती है।
मानसून में सी-फूड खाते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप पूरी तरह सी फूड छोड़ना नहीं चाहते, तो कुछ सावधानियां जरूर अपनाएं। जब भी खरीदें तो तो तय कर लें कि मछली की आंखें चमकदार हों, गलफड़े लाल दिखें और उसमें तेज बदबू न आए। घर लाने के बाद उसे तुरंत फ्रिज में रखें और अच्छी तरह पकाकर ही खाएं। अधपकी या कच्ची मछली खाने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
क्या मानसून में बिल्कुन नहीं खानी चाहिए मछली
यह भी समझना जरूरी है कि मानसून में हर तरह की मछली पूरी तरह नुकसानदायक नहीं हो जाती। अगर मछली ताजा है, सही तरीके से स्टोर की गई है और अच्छी तरह पकाई गई है, तो उसे सीमित मात्रा में खाया जा सकता है। हालांकि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को मानसून में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून में बदलें शापिंग की लिस्ट
मौसम के साथ बदलें अपनी खाने की आदतें
हर मौसम अपने साथ कुछ नई चुनौतियां लेकर आता है। मानसून में सी फूड का आनंद लेना गलत नहीं है, लेकिन सही चुनाव करना बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी सावधानी आपको फूड पॉइजनिंग और संक्रमण जैसी परेशानियों से बचा सकती है। आखिर स्वाद तभी अच्छा लगता है, जब उसके साथ सेहत भी सुरक्षित रहे।
