लाइफस्टाइल

Sawan Shayari: तो इसलिए हर किसी को छू जाता है सावन पर लिखा गोपालदास नीरज का यह शेर

Best Sawan Shayari: सावन हर साल लौटता है, लेकिन हर किसी पर उसकी बारिश एक जैसी नहीं होती। किसी के लिए यह मौसम मुस्कुराहट लेकर आता है, तो किसी के लिए बीते हुए रिश्तों और अधूरी ख्वाहिशों की यादें।

Image

सावन पर शायरी

Sawan Shayari Love (सावन पर शायरी): सावन दस्तक दे चुका है। बारिश की फुहारों में लिपटा ये महीना अपनी आमद के साथ ही मौसम का मिजाज बदल देता है। काले बादल, रिमझिम बारिश, भीगे घर -आंगन और मिट्टी की सोंधी खुशबू मन को एक अलग ही दुनिया में ले जाती हैं। भारतीय साहित्य में सावन को प्रेम, विरह, इंतजार और यादों का मौसम माना गया है। यही वजह है कि हिंदी और उर्दू के अनगिनत कवियों और शायरों ने सावन को अपनी रचनाओं का केंद्र बनाया। कभी यह मिलन का संदेश लेकर आता है तो कभी बिछड़ने का दर्द और भी गहरा कर देता है।

ऐसे ही शायरों में एक नाम गोपालदास नीरज का भी है। नीरज ने प्रेम और विरह को बेहद सहज शब्दों में पिरोया। सावन पर लिखा उनका यह शेर इसकी खूबसूरत मिसाल है-

"अब के सावन में शरारत ये मिरे साथ हुई,

मेरा घर छोड़ के कुल शहर में बरसात हुई।"

सरसरती तौर पर यह शेर बारिश की बात करता हुआ लगता है, लेकिन इसके भीतर कई तरह की भावनाएं छिपी हैं। नीरज यहां बारिश को किस्मत और भावनाओं का प्रतीक बनाते हैं। वे कहते हैं कि इस बार सावन ने उनके साथ ऐसी शरारत की कि बारिश पूरे शहर में हुई, लेकिन उनके घर को छोड़ गई।

इसका सीधा मतलब यह नहीं कि सचमुच उनके घर पर बारिश नहीं हुई। यहां घर दरअसल उस इंसान के जीवन, मन या हिस्से का नाम है, जो खुशी और प्रेम से वंचित रह गया। यानी दुनिया के बाकी लोगों को खुशियां, प्यार और राहत मिली, लेकिन कवि के हिस्से में खालीपन ही आया।

यही इस शेर की सबसे बड़ी खूबसूरती है। यह उस एहसास को शब्द देता है, जब इंसान को लगता है कि खुशियां हर किसी के दरवाजे पर दस्तक दे रही हैं, बस उसके अपने दरवाजे को छोड़कर। प्रेम में असफल व्यक्ति, अकेलापन महसूस करने वाला इंसान या जीवन की कठिनाइयों से गुजर रहा कोई भी व्यक्ति इस शेर में खुद को आसानी से देख सकता है।

शायद यही वजह है कि लंबे अरसे बाद भी नीरज का यह शेर उतना ही ताजा लगता है। सावन हर साल लौटता है, लेकिन हर किसी पर उसकी बारिश एक जैसी नहीं होती। किसी के लिए यह मौसम मुस्कुराहट लेकर आता है, तो किसी के लिए बीते हुए रिश्तों और अधूरी ख्वाहिशों की यादें। नीरज ने इसी विरोधाभास को सिर्फ दो पंक्तियों में अमर कर दिया।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article