लाइफस्टाइल

Sadhguru Parenting Tips: बच्चों की परवरिश में ये 3 बातें अपनाएंगे तो उन्हें खुद पर भरोसा करना आएगा

बच्चों की परवरिश सिर्फ उन्हें नियम सिखाना नहीं है। Sadhguru की पैरेंटिंग से जुड़ी बातों से समझें कि माता-पिता बच्चों को हर कदम पर कंट्रोल करने के बजाय अच्छी सोच, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास विकसित करने में कैसे मदद कर सकते हैं।

Image

Sadhguru Parenting Tips

Sadhguru Parenting Tips: बच्चे को बड़ा करना सिर्फ उसकी पढ़ाई, खाना और रूटीन, लाइफस्टाइल संभालना नहीं है। असली चुनौती तब आती है जब बच्चा खुद फैसले लेने, सवाल पूछने और अपनी पसंद बताने लगते हैं। कई माता-पिता प्यार में उसकी हर परेशानी पहले ही दूर कर देना चाहते हैं। लेकिन क्या हर समस्या से बच्चे को बचाना उसे मजबूत बनाता है? Sadhguru की बच्चों और पालन-पोषण से जुड़ी बातों में एक अलग नजरिया दिखाई देता है।

उनके अनुसार, माता-पिता का काम बच्चे की जिंदगी को अपनी इच्छा के मुताबिक चलाना नहीं, बल्कि उसे अपनी क्षमता पहचानने के लिए सही माहौल देना होना चाहिए। बच्चे को हर समय आदेश देने के बजाय उसे देखने, समझने और खुद अनुभव करने का अवसर देना ज्यादा उपयोगी हो सकता है। आज की तेज जिंदगी में जहां बच्चों की तुलना पढ़ाई, खेल और उपलब्धियों से होने लगी है, वहां यह सोच और भी महत्वपूर्ण लगती है। आखिर बच्चा सिर्फ अच्छे नंबर लाने के लिए नहीं, बल्कि एक समझदार और आत्मनिर्भर इंसान बनने के लिए बड़ा हो रहा है।

1. बच्चे को अपनी तरह बनाने की कोशिश न करें

हर बच्चा अलग होता है। उसकी रुचि, स्वभाव और सीखने का तरीका भी अलग हो सकता है। Sadhguru की सोच में बच्चों को माता-पिता की अधूरी इच्छाओं का माध्यम बनाने के बजाय उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार विकसित होने की जगह देना महत्वपूर्ण है।

बच्चे को यह तय करने का थोड़ा अवसर दें कि उसे कौन-सी चीज पसंद है। हर बार यह बताने के बजाय कि तुम्हें ऐसा ही करना चाहिए, उससे पूछें कि तुम्हें क्या लगता है?

2. हर चीज का जवाब देने के बजाय सवाल पूछें

बच्चा जब कोई सवाल करे तो तुरंत अपना फैसला सुनाने की आदत थोड़ी कम की जा सकती है। उसके साथ बातचीत करें और उसे खुद सोचने के लिए प्रेरित करें। मसलन, बच्चा पूछे कि उसे कौन-सा खेल खेलना चाहिए, तो सीधे नाम बताने के बजाय पूछ सकते हैं कि उसे किस खेल में सबसे ज्यादा मजा आता है। इससे वह अपनी पसंद और सोच को समझना सीखता है।

3. बच्चे को जिंदगी का अनुभव करने दें

हर गलती से पहले बच्चे को रोक देना आसान लगता है, लेकिन छोटी-छोटी गलतियां भी सीखने का मौका बन सकती हैं। उम्र और परिस्थिति के अनुसार बच्चे को कुछ काम खुद करने दें। अपना बैग व्यवस्थित करना, कमरे की चीजें संभालना या छोटी पसंद खुद चुनना जैसी जिम्मेदारियां उसे धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बना सकती हैं।

पैरेंटिंग का मतलब हर कदम पर पहरा नहीं

Sadhguru की पैरेंटिंग से जुड़ी सोच का एक दिलचस्प पहलू यही है कि बच्चे को केवल कंट्रोल करने के बजाय उसके विकास के लिए सही माहौल दिया जाए। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि बच्चे को बिना दिशा के छोड़ दिया जाए। सीमाएं जरूरी हैं, लेकिन उन सीमाओं के भीतर सोचने और सीखने की आजादी भी उतनी ही जरूरी है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article