Sources of Fiber: हम जब भी हेल्दी और पोषण वाले खाने की बात करते हैं तो प्रोटीन, विटामिन और कैलोरी पर खूब चर्चा होती है। लेकिन खाने की एक ऐसी चीज है जो अक्सर प्लेट में मौजूद होकर भी चर्चा से बाहर रह जाती है, जो है फाइबर। Food Pharmer यानी रेवंत हिमतसिंगका ने अपने एक वीडियो में फाइबर की इसी अनदेखी पर बात की है और रोजमर्रा के खाने में इसके अच्छे स्रोतों को शामिल करने का आसान तरीका बताया है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Margarine क्या होता है? ‘पूजा-दीया घी’ और एनालॉग पनीर पर बैन क्यों?
उनके मुताबिक, एक व्यक्ति को रोज करीब 25 से 30 ग्राम फाइबर की जरूरत हो सकती है। फाइबर पाचन को सपोर्ट करता है, पेट को ज्यादा देर तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है और खाने के बाद ब्लड शुगर में तेजी से होने वाली बढ़ोतरी को सीमित करने में भूमिका निभा सकता है। हालांकि, जरूरत उम्र, लिंग और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के अनुसार अलग हो सकती है। यहां पढ़ें आखिर फाइबर के 7 मुख्य स्त्रोत कौनसे हैं, जो आपको भी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।
Top 7 Sources of Fiber
1. राजमा
राजमा सिर्फ स्वादिष्ट करी का हिस्सा नहीं है। वीडियो में इसे लगभग 7 ग्राम फाइबर वाला विकल्प बताया गया है। राजमा को चावल या रोटी के साथ खाने के अलावा सलाद और दूसरी तैयारियों में भी शामिल किया जा सकता है।
2. दाल
भारतीय रसोई की सबसे आसान चीजों में दाल भी फाइबर का अच्छा स्रोत बन सकती है। वीडियो में एक सर्विंग में करीब 5 ग्राम फाइबर बताया गया है। यानी रोज की साधारण दाल भी आपकी डाइट में योगदान दे सकती है।
3. अमरूद
फल खाने की आदत बनानी है तो अमरूद बढ़िया विकल्प है। वीडियो में इसमें लगभग 6 ग्राम फाइबर बताया गया है। इसे ऐसे ही खाएं या छोटे टुकड़ों में काटकर स्नैक की तरह लें।
4. चना
चना सस्ता, पेट भरने वाला और आसानी से मिलने वाला विकल्प है। वीडियो के अनुसार इसमें लगभग 7 ग्राम फाइबर हो सकता है। उबला चना, चना चाट या सलाद के रूप में इसे खाना आसान है।
5. एडमामे
एडमामे यानी हरे सोयाबीन को वीडियो में लगभग 15 ग्राम फाइबर वाला विकल्प बताया गया है। यह भारतीय रसोई में चने जितना आम नहीं है, लेकिन अब कई जगह आसानी से मिल जाता है।
6. अलसी के बीज
अलसी के बीजों में वीडियो के अनुसार करीब 27 ग्राम फाइबर बताया गया है। इन्हें पीसकर दही, दलिया या स्मूदी में थोड़ी मात्रा में मिलाया जा सकता है।
7. चिया के बीज
चिया बीजों को लेकर आजकल काफी चर्चा है। वीडियो में इनमें करीब 34 ग्राम फाइबर बताया गया है। इन्हें पानी या दूध में भिगोकर लिया जाता है और कई लोग इन्हें नाश्ते में शामिल करते हैं।
वीडियो में Food Pharmer ने फाइबर पर ज्यादा ध्यान देने की बात कही है। अचानक बहुत ज्यादा फाइबर शुरू करने से गैस या पेट फूलने जैसी दिक्कत हो सकती है। इसलिए मात्रा धीरे-धीरे बढ़ाना और पर्याप्त पानी पीना बेहतर रहता है।
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध यूट्यूबर रेवंत हिमतसिंगका के वीडियो में बताए गए टिप्स के आधार पर तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी संबंधित क्रिएटर के व्यक्तिगत विचार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत इन टिप्स या दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।)
