नेपाल में भोटे कोशी नदी के आसपास के इलाकों में एक बार फिर खतरे की घंटी बज गई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक सूचना जारी करते हुए रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत सतर्क होने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
NDRRMA ने ट्वीट कर जानकारी दी कि रसुवा जिला प्रशासन कार्यालय को भोटे कोशी नदी में पानी के अत्यधिक तेज प्रवाह की खौफनाक आवाज सुनाई देने की सूचना मिली है। नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने की आशंका के चलते प्रशासन ने निचले इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
NDRRMA की आधिकारिक चेतावनी
प्राधिकरण ने अपने अलर्ट में स्पष्ट किया है "रसुवा जिला प्रशासन कार्यालय को सूचित किया गया है कि भोटे कोशी नदी में बाढ़ के प्रवाह की तीव्र आवाज सुनाई दी है। इसलिए रसुवा, नुवाकोट और धादिंग तक नदी के आसपास के क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने का अनुरोध किया जाता है। अतिरिक्त जानकारी प्राप्त होते ही आगे की सूचना साझा की जाएगी।"
तटीय इलाकों में अलर्ट, तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह
भोटे कोशी नदी के तेज प्रवाह और अचानक जलस्तर बढ़ने के खतरे को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। रसुवा, नुवाकोट और धादिंग के नदी तटीय क्षेत्र प्रभावित इलाके हैं। नदी के किनारे रहने वाले स्थानीय निवासियों, यात्रियों और राहत-बचाव टीमों को तत्काल प्रभाव से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। नेपाल का जल एवं मौसम विज्ञान विभाग और आपदा प्रबंधन टीमें नदी के जलस्तर और ऊपरी प्रवाह की लगातार निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही कोई नया अपडेट या जलस्तर की सटीक स्थिति सामने आएगी, नागरिकों के साथ त्वरित जानकारी साझा की जाएगी।
