लाइफस्टाइल

दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह की फैमिली फोटोज वायरल, लेकिन चर्चा Wifey Man ट्रेंड की क्यों हो रही है

रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की नई फैमिली फोटो के बाद Wifey Man ट्रेंड चर्चा में है। जानें Wifey Man का मतलब और क्या निक जोनस व विराट कोहली भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

Image

दीपिका-रणवीर की फोटोज देख क्यों चर्चा में है Wifey Man, विराट कोहली का नाम भी है शामिल

What Is Wifey Man Trend: लेस वाली सफेद ड्रेस में दीपिका पादुकोण। चेहरे पर खूबसूरत मुस्कान। साथ में नन्ही दुआ और दीपिका को प्यार से थामे रणवीर सिंह। सोशल मीडिया पर आई इस फैमिली फोटो में ग्लैमर से ज्यादा एक परिवार की गर्माहट दिखाई दी। तस्वीरें बेटी दुआ के दूसरे जन्मदिन पर शेयर की गईं। इनमें दीपिका का बेबी बंप भी नजर आया और परिवार में जल्द एक नया मेहमान आने की खुशी भी।

वैसे तस्वीरों में हर किसी का अंदाज खूबसूरत था, लेकिन रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को साथ देखकर इंटरनेट को एक पुराना शब्द फिर याद आ गया- Wifey Man। अगर आप भी इस हैशटेग को देख कर इसके बारे में जानना चाहते हैं या फिर इस टर्म के अर्थ को समझना चाहते हैं - तो चलिए आगे बढ़ते हैं। जानते हैं कि Wifey Man आखिर कौन है? क्या यह कोई नई सेलिब्रिटी कैटेगरी है या अच्छे पति को मिला इंटरनेट का चमचमाता मेडल?

लेकिन पहले दीपवीर की नई फैमिली फोटो की बात

रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण आमतौर पर अपनी बेटी दुआ को लाइमलाइट से दूर रखते हैं। इसलिए जब दोनों ने सितंबर 2026 में दुआ के दूसरे जन्मदिन पर ब्लैक एंड व्हाइट फैमिली तस्वीरें शेयर कीं तो फैन्स की नजरें ठहर गईं।

एक तस्वीर में दुआ अपने माता-पिता के बीच हंसती और चेहरा छिपाती दिखाई दीं। दूसरी तस्वीर में रणवीर और दुआ का प्यारा पल नजर आया। कुछ तस्वीरों में रणवीर दीपिका के पास बेहद सहज और प्यार भरे अंदाज में खड़े दिखाई दिए। कपल ने कैप्शन में भी अपने परिवार और दिलों के बड़ा होने की खुशी जाहिर की है।

तस्वीरें देखते ही फैन्स ने दुआ की क्यूटनेस, दीपिका की प्रेग्नेंसी ग्लो और रणवीर के फैमिली मैन अवतार पर बात शुरू कर दी। इसी बीच सामने आ गया - Wifey Man Trend।

Wifey Man कौन होता है

Wifey Man दरअसल वो पति है, जो पत्नी की सफलता से घबराता नहीं, बल्कि उस पर सबसे तेज तालियां बजाता है। पत्नी तैयार होकर आए तो खुलकर उसकी तारीफ करता है। पत्नी को कोई उपलब्धि मिले तो ऐसे खुश होता है, जैसे ट्रॉफी उसी के घर आने वाली हो।

हालांकि इस शब्द का अधिक जाना-पहचाना रूप Wife Guy भी है। इंटरनेट की भाषा में इसका इस्तेमाल उस पुरुष के लिए होता है, जो अपनी पत्नी के लिए प्यार और सम्मान खुलकर जाहिर करता है। वह उसकी उपलब्धियों को सेलिब्रेट करता है और दुनिया को बताने में संकोच नहीं करता कि उसकी पत्नी कितनी खास है।

रणवीर सिंह क्यों कहलाते हैं Wifey Man

दीपिका पादुकोण के प्रति प्यार जताने के मामले में रणवीर सिंह कभी ‘लो प्रोफाइल’ नहीं रहे। दीपिका सामने हों तो उनका अंदर का चीयरलीडर जैसे अपने आप जाग जाता है।

कभी वह दीपिका की ड्रेस संभालते दिखाई देते हैं। कभी अवॉर्ड शो में उनके लिए सबसे जोरदार तालियां बजाते हैं। कभी किसी इंटरव्यू में उनकी मेहनत और समझदारी की तारीफ करते हैं। सोशल मीडिया पर भी दीपिका की तस्वीर आए तो रणवीर का कमेंट अक्सर अलग से खबर बन जाता है।

नई फैमिली तस्वीरों में भी उनका यही रूप दिखाई दिया। यहां कोई रेड कार्पेट नहीं था, कोई फिल्म प्रमोशन नहीं था। तस्वीरों में वह एक स्टार से ज्यादा पति और पिता नजर आए। शायद इसी सहजता ने लोगों को यह बॉन्ड ज्यादा खूबसूरत लगा।

दीपिका के सबसे बड़े चीयरलीडर हैं रणवीर

रणवीर और दीपिका दोनों अपने-अपने क्षेत्र के बड़े सितारे हैं। इसके बावजूद रणवीर ने सार्वजनिक मंचों पर दीपिका की सफलता को खुलकर स्वीकार किया है। दीपिका पादुकोण के स्टारडम के आगे किसी का चार्म भी फीका पड़ सकता है। लेकिन रणवीर हमेशा इस बात से सिक्योर नजर आए और उनकी सफलता पर तालियां बजाने में सबसे आगे रहे।

यही Wifey Man की असली खूबी है। पत्नी की चमक के सामने अपनी रोशनी कम होने का डर नहीं। बल्कि जरूरत पड़े तो खुद स्पॉटलाइट पकड़कर पत्नी की तरफ कर देना।

हालांकि सोशल मीडिया पर दिखने वाले कुछ पलों से किसी रिश्ते की पूरी कहानी नहीं जानी जा सकती। फिर भी सार्वजनिक व्यवहार के आधार पर देखें तो रणवीर इस ट्रेंड में बिल्कुल फिट बैठते हैं।

निक जोनस और विराट कोहली भी हैं Wifey Man

वैसे इस क्लब में निक जोनस और विराट कोहली - दोनों का नाम शामिल किया जा सकता है। हां, बस उनका प्यार जताने का अंदाज अलग है। निक कभी प्रियंका चोपड़ा का गाउन ठीक करते, उनकी तस्वीरें खींचते और उपलब्धियों पर चीयर करते नजर आते हैं।

वहीं विराट मैदान से अनुष्का शर्मा को फ्लाइंग किस देने, मैच के बाद उन्हें तलाशने और अपनी सफलता में उनके योगदान को स्वीकार करने के लिए जाने जाते हैं। आसान भाषा में कहें तो रणवीर प्यार का पूरा बैंड-बाजा लेकर आते हैं, निक ‘नेशनल जीजू’ के टैग को प्यारे अंदाज में साथ निभाते हैं और विराट साइलेंट लेकिन स्ट्रॉन्ग मोड में रहते हैं।

सोशल मीडिया पर क्यों लौट आया Wife Guy Trend

एक समय था जब फिल्मों और सोशल मीडिया पर ‘बैड बॉय’ इमेज को ज्यादा आकर्षक माना जाता था। लेकिन अब पसंद थोड़ी बदलती दिख रही है। लोग ऐसे पुरुषों को ग्रीन फ्लैग मान रहे हैं, जो अपनी भावनाएं छिपाने को मर्दानगी नहीं समझते। वे अपनी पत्नी की उपलब्धियों का मजाक नहीं बनाते और रिश्ते में उनको बराबरी की जगह देते हैं।

सिर्फ फोटो खिंचवाना काफी नहीं

वैसे पत्नी का बैग पकड़ लेना, उसकी तस्वीर खींचना और रोमांटिक पोस्ट लिख देना प्यारा जरूर है, लेकिन Wifey Man होने का पूरा सिलेबस यही नहीं है। कोई भी सोशल मीडिया पर सही फिल्टर, प्यारा गाना और दिल वाला इमोजी लगाकर कुछ देर के लिए तो'पति नंबर वन' बन सकता है!

मगर असली Wifey Man की पहचान अकेले में भी पत्नी की बात सुनने, घर और बच्चों की जिम्मेदारी बांटने,उसके करियर को गंभीरता से लेने और उसकी सफलता में अपना अहंकार बीच में न लाने से होती है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article