Psychology of Silence: हर व्यक्ति अपने दुख और भावनाओं को एक जैसे तरीके से व्यक्त नहीं करता। कुछ लोग आहत होने पर रोते हैं, कुछ गुस्सा करते हैं, जबकि कुछ ऐसे भी होते हैं जो दिल दुखने पर खामोश हो जाते हैं। उनकी चुप्पी को अकसर लोग गुस्सा, अहंकार या दूरी बनाने की कोशिश समझ लेते हैं, लेकिन मनोविज्ञान कहता है कि कई बार यह चुप्पी भीतर चल रहे भावनात्मक संघर्ष का संकेत होती है।
सुरक्षा कवच होती है चुप्पी
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, जब कोई व्यक्ति बुरी तरह से आहत होता है तो उसका दिमाग खुद को भावनात्मक चोट से बचाने की कोशिश करता है। ऐसे में वह बोलने या बहस करने के बजाय चुप रहना चुन सकता है।
उसे लगता है कि अगर वह उस समय कुछ कहेगा तो शायद और ज्यादा दुखी होगा या फिर ऐसी बातें कह देगा जिनका बाद में पछतावा हो सकता है। इसलिए चुप्पी उसके लिए एक तरह का सुरक्षा कवच बन जाती है।
हर कोई अपनी भावनाएं शब्दों में नहीं कह पाता
कुछ लोगों को बचपन से अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने की आदत नहीं होती। उन्हें यह सिखाया जाता है कि दुख, गुस्सा या कमजोरी दिखाना सही नहीं है।
ऐसे लोग जब भावनात्मक रूप से चोट खाते हैं तो उनके पास अपनी तकलीफ व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं होते। नतीजा ये होता है कि वे भीतर ही भीतर सब कुछ महसूस करते हैं, लेकिन बाहर से शांत दिखाई देते हैं।
भरोसा टूटने पर बढ़ जाती है खामोशी
जब किसी करीबी व्यक्ति से चोट मिलती है, तो कई लोग खुद को भावनात्मक रूप से पीछे खींच लेते हैं। उन्हें डर होता है कि अगर वे अपनी भावनाएं फिर से साझा करेंगे तो दोबारा आहत हो सकते हैं। ऐसे में उनकी चुप्पी सामने वाले को सजा देने के लिए नहीं, खुद को संभालने और सुरक्षित रखने का तरीका हो सकती है।
क्या चुप हो जाना कमजोरी है?
यह माना जाता है कि जो व्यक्ति अपनी बात नहीं कहता, वह कमजोर है। लेकिन मनोविज्ञान इससे सहमत नहीं है। कई बार चुप रहना भावनात्मक परिपक्वता का संकेत भी हो सकता है। कुछ लोग प्रतिक्रिया देने से पहले अपने विचारों और भावनाओं को समझने के लिए समय लेते हैं। वे जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने के बजाय सोच-समझकर बात करना पसंद करते हैं।
ऐसे लोगों के साथ कैसा व्यवहार करें?
अगर आपका कोई करीबी दुखी होने पर चुप हो जाता है, तो उस पर लगातार बोलने का दबाव न डालें। उसे थोड़ा समय और भावनात्मक सुरक्षा दें। यह जताएं कि जब भी वह बात करना चाहे, आप सुनने के लिए मौजूद हैं।
हमें समझना होगा कि हमेशा खामोशी का मतलब नाराजगी नहीं होता। कई बार यह टूटे हुए भरोसे, गहरे दुख, असुरक्षा या भावनाओं को समझने की प्रक्रिया का हिस्सा होती है।
