शहर

Ketan Murder Case: पहले केतन को सिर्फ घायल करना चाहते थे, फिर सिया-चेतन ने बना लिया हत्या का प्लान

सिया गोयल अपने परिवार के खिलाफ जाकर घर से भागकर शादी नहीं करना चाहती थी। वह न तो अपने परिवार की बदनामी चाहती थी और न ही केतन अग्रवाल के परिवार को शर्मिंदगी में डालना चाहती थी। इसलिए उसने और चेतन ने पहले ऐसा हादसा कराने की योजना बनाई,जिसमें केतन घायल हो जाए और शादी टल जाए।

Image

केतन मर्डर केस में नया ट्विस्ट। (फोटो- ai)

पुणे: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने शुरुआत में केतन अग्रवाल को सिर्फ घायल कर शादी टालने की योजना बनाई थी। हालांकि बाद में उन्हें लगा कि इस योजना में जोखिम अधिक है, जिसके बाद दोनों ने कथित तौर पर हत्या करने का फैसला कर लिया।

जांच अधिकारियों के मुताबिक,जून की शुरुआत में केतन अग्रवाल और सिया गोयल के बाली ट्रिप के नजदीक आने के साथ ही दोनों आरोपियों ने अपनी योजना को जल्द अंजाम देने का निर्णय लिया।

पहले हादसा दिखाकर शादी टालने की थी योजना

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल अपने परिवार के खिलाफ जाकर घर से भागकर शादी नहीं करना चाहती थी। वह न तो अपने परिवार की बदनामी चाहती थी और न ही केतन अग्रवाल के परिवार को शर्मिंदगी में डालना चाहती थी। इसलिए उसने और चेतन ने पहले ऐसा हादसा कराने की योजना बनाई,जिसमें केतन घायल हो जाए और शादी टल जाए। लेकिन बाद में दोनों इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि इस योजना के सफल होने की संभावना कम है और पकड़े जाने का खतरा अधिक है। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।

सस्पेंस फिल्में देखीं, इंटरनेट पर जुटाई जानकारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए कई तरीकों पर चर्चा की। इसके लिए उन्होंने कथित तौर पर सस्पेंस फिल्में देखीं और इंटरनेट पर भी विभिन्न तरीकों की जानकारी जुटाई। आखिरकार दोनों ने यह तय किया कि केतन अग्रवाल को किसी ऊंची चट्टान से धक्का देकर गिराना सबसे सुरक्षित तरीका होगा,जिससे घटना दुर्घटना जैसी दिखाई दे।

कई जगहों की रेकी के बाद चुना लोहागढ़ किला

जांच के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने वारदात के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश में लोनावला के टाइगर प्वाइंट, विसापुर किला और अन्य ऊंचे इलाकों का निरीक्षण किया। दोनों एक-दूसरे को संभावित स्थानों की तस्वीरें भी भेजते रहे। आखिर में उन्होंने पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किला चुना, क्योंकि उन्हें लगा कि वहां हत्या के बाद सबूत मिलने की संभावना कम होगी।

14 जून को भी हुई थी कथित कोशिश

पुलिस को संदेह है कि सिया गोयल ने 14 जून को भी लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की हत्या का प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके चार दिन बाद, 18 जून को केतन अग्रवाल की मौत हो गई। पुलिस का आरोप है कि पहले से बनाई गई साजिश के तहत सिया और चेतन ने लोहागढ़ किले की चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।

रिश्ते में बाधा बनने पर रची साजिश

जांच अधिकारियों का कहना है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी को आशंका थी कि यदि सिया की शादी केतन अग्रवाल से हो गई तो उनके रिश्ते का भविष्य खत्म हो जाएगा। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में सुपारी देकर हत्या कराने जैसा कोई पहलू सामने नहीं आया है। फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी न्यायिक हिरासत में हैं और पुणे की यरवडा केंद्रीय जेल में बंद हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें