लाइफस्टाइल

बची हुई रोटी और राजमा से बनाएं ऐसा देसी Taco, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाने का मन करेगा

बची हुई रोटी-राजमा को नया स्वाद देना चाहते हैं तो स्मैश्ड राजमा रोटी टैको जरूर ट्राई करें। मसालेदार राजमा-पनीर फिलिंग, क्रीमी गार्लिक डिप और चटपटा प्याज मिलकर इसे आसान, स्वादिष्ट और बेहद मजेदार देसी फ्यूजन स्नैक बना देते हैं।

Image

Rajma Roti Taco Recipe in Hindi

रात की बची हुई रोटी और फ्रिज में रखा थोड़ा-सा राजमा... ज्यादातर घरों में इन दोनों का अगला ठिकाना या तो दोबारा गर्म करके खाना होता है या फिर कभी-कभी ये बच ही जाते हैं। लेकिन अगर इन्हीं साधारण चीजों को थोड़ा अलग अंदाज में बनाया जाए, तो ये किसी कैफे वाले स्नैक को भी टक्कर दे सकते हैं। आज की रेसिपी ऐसी ही एक मजेदार देसी फ्यूजन डिश है, जिसमें बची हुई रोटी बनती है क्रिस्पी बेस और मसालेदार राजमा-पनीर की फिलिंग इसे शानदार स्वाद देती है। ऊपर से क्रीमी गार्लिक डिप और मसालेदार प्याज इस रेसिपी को पूरा करते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर की बची हुई चीजों का स्वादिष्ट इस्तेमाल भी हो जाता है।

राजमा-पनीर की मसालेदार फिलिंग तैयार करें

अगर आपके पास पहले से उबला हुआ या बचा हुआ राजमा है, तो काम और आसान हो जाएगा। एक बाउल में राजमा को हल्का-सा मैश करें। इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। अब कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, चाट मसाला, बारीक कटा लहसुन, चिली फ्लेक्स, हरी मिर्च, नमक और हरा धनिया मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। मिश्रण इतना होना चाहिए कि उसकी टिक्की या बॉल आसानी से बन जाए।

घर पर बनाएं क्रीमी गार्लिक डिप

मिक्सर में पनीर, दही, हल्का भुना हुआ लहसुन, पिज्जा सीज़निंग, काली मिर्च, नींबू का रस, नमक और हरा धनिया डालकर स्मूद पीस लें। यह डिप ज्यादा भारी नहीं होती और राजमा की मसालेदार फिलिंग के साथ बहुत अच्छा संतुलन बनाती है।

मसालेदार प्याज देगा अलग स्वाद

  • एक प्याज को पतला काटकर पांच मिनट बर्फ वाले पानी में भिगो दें। इससे उसकी तीखापन थोड़ा कम हो जाएगा और प्याज ज्यादा कुरकुरी लगेगी।
  • अब इसमें कश्मीरी लाल मिर्च, चाट मसाला, काला नमक, हरी मिर्च, नींबू का रस और हरा धनिया मिलाएं। तैयार मसाला प्याज इस रेसिपी की जान है।

अब बनाएं स्मैश्ड रोटी टैको

  • नॉन-स्टिक तवा हल्का गर्म करें और थोड़ा तेल लगाएं।
  • राजमा-पनीर की एक बॉल तवे पर रखें। उसके ऊपर बची हुई रोटी रखकर किसी स्टील की कटोरी या मैशर की मदद से हल्के हाथ से दबा दें ताकि फिलिंग रोटी से अच्छी तरह चिपक जाए।
  • धीमी आंच पर पकाएं। जब नीचे से सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो पलटकर दूसरी तरफ भी सेंक लें।

परोसने का सबसे मजेदार तरीका

  • तैयार रोटी टैको पर पहले गार्लिक डिप फैलाएं। फिर मसालेदार प्याज रखें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा हरा धनिया, चिली फ्लेक्स या नींबू का रस भी डाल सकते हैं।
  • हर बाइट में आपको कुरकुरी रोटी, मसालेदार राजमा, मुलायम पनीर और क्रीमी डिप का शानदार स्वाद मिलेगा।

शाम की चाय, बच्चों के टिफिन या लंच तो डिनर महर मौके पर यह रेसिपी आसानी से बनाई जा सकती है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article