लाइफस्टाइल

कैटरीना ही नहीं ऐश्वर्या, करीना ने भी सुने प्रेगनेंसी के बाद वजन को लेकर ताने, ट्रोलिंग पर ऐसे रखें खुद को मजबूत

प्रेगनेंसी के बाद शरीर में बदलाव बिल्कुल सामान्य हो सकते हैं, लेकिन दूसरों की टिप्पणियां नई मां के आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकती हैं। कैटरीना, ऐश्वर्या और करीना से जुड़े चर्चित अनुभवों के बहाने जानें क्यों खुद पर ध्यान देना जरूरी है।

Image

कैटरीना ही नहीं ऐश्वर्या, करीना ने भी सुने प्रेगनेंसी के बाद वजन को लेकर ताने, ट्रोलिंग पर ऐसे रखें खुद को मजबूत

मां बनने के बाद जिंदगी में बहुत कुछ बदलता है.. दिनचर्या, नींद, जिम्मेदारियां और शरीर भी। लेकिन समाज की एक अजीब आदत है, वह नई मां से भी तुरंत पुराने रूप में लौटने की उम्मीद करने लगता है। वजन थोड़ा बढ़ा तो सवाल, शरीर बदला तो टिप्पणी और तस्वीर सामने आई तो अनचाही सलाह। आम महिलाओं से लेकर कैटरीना कैफ, ऐश्वर्या राय बच्चन और करीना कपूर जैसी अभिनेत्रियां भी प्रेगनेंसी के बाद अपने शरीर और वजन को लेकर होने वाली चर्चाओं में रही हैं।

लेकिन यहां असली कहानी किसी अभिनेत्री के वजन की नहीं, बल्कि उस नजरिए की है जो महिला के शरीर को लगातार लोगों की चर्चा का विषय बना देता है। प्रेगनेंसी कोई छोटा बदलाव नहीं है। शरीर ने महीनों तक एक बच्चे को संभाला है और डिलीवरी के बाद उसे संभलने का समय चाहिए। इसलिए अगर किसी ने आपको भी वजन, पेट, कपड़ों या चेहरे को लेकर कुछ कह दिया है, तो हर बात को अपने दिल पर लेने की जरूरत नहीं। आपका शरीर आपकी प्रेगनेंसी जर्नी का हिस्सा है, किसी और की टिप्पणी का जवाब देने की चीज नहीं।

सबसे पहले खुद को याद करें

किसी ने कहा, तुम पहले जैसी नहीं दिखतीं। तो बेशक ही आपके मन में एक सवाल जरूर उठ सकता है.. पहले जैसी क्यों दिखना है? आप मां बनी हैं, आपने एक बड़ा शारीरिक और भावनात्मक बदलाव देखा है। आपका लक्ष्य सिर्फ किसी पुराने आकार में लौटना नहीं होना चाहिए। अभी आपका लक्ष्य स्वस्थ रहना, ताकत वापस पाना और अपने शरीर को समय देना हो सकता है।

हर सलाह सुनना जरूरी नहीं

प्रेगनेंसी के बाद आपको कई लोग अलग-अलग सलाह देते हैं कि यह खाओ, वह मत खाओ, इतनी जल्दी वजन कम करो, व्यायाम शुरू करो। लेकिन हर शरीर की जरूरत अलग होती है। जो तरीका किसी दूसरी महिला के लिए काम करे, जरूरी नहीं कि वही आपके लिए भी सही हो। अपने स्वास्थ्य और जरूरत के मुताबिक डॉक्टर से सलाह लेना ज्यादा समझदारी है।

आईने को दुश्मन मत बनाइए

अगर कपड़े पहले जैसे फिट नहीं हो रहे हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि आप खूबसूरत नहीं हैं। शरीर का आकार आपकी पूरी पहचान नहीं है। कभी अपने आईने के सामने खड़े होकर सिर्फ वजन या पेट पर ध्यान देने के बजाय खुद से पूछिए, मैं आज कैसी महसूस कर रही हूं.. यही सवाल आपको दूसरों की नजर से निकलकर अपनी नजर से खुद को देखने में मदद कर सकता है।

सोशल मीडिया से थोड़ी दूरी भी ठीक है

दूसरी महिलाओं की तस्वीरें देखकर अपनी तुलना करना आसान है। खासकर जब इंटरनेट पर फिटनेस, मेकओवर और तेजी से वजन घटाने वाली कहानियां लगातार दिखाई देती रहें। लेकिन स्क्रीन पर दिखाई देने वाली जिंदगी पूरी जिंदगी नहीं होती। अपनी यात्रा को किसी और की तस्वीर से मत नापिए।

खुद के लिए करें वेट लॉस

अगर आप प्रेगनेंसी के बाद वजन कम करना चाहती हैं, तो यह फैसला लोगों के तानों की वजह से नहीं, अपने स्वास्थ्य के लिए लें। धीरे-धीरे बेहतर खाना, पर्याप्त आराम, डॉक्टर की सलाह के अनुसार व्यायाम और अपनी दिनचर्या पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है। जल्दीबाजी में शरीर को परेशान करने की जरूरत नहीं।

साथ ही यह समझना भी जरूरी है कि, हर टिप्पणी का जवाब देना आवश्यक नहीं है। कभी-कभी बस सुनकर आगे बढ़ जाना और भूल जाना ही बेहतर होता है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article