लाइफस्टाइल

जेब में रखी प्याज को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया 'देसी एसी'! क्या सच में लू से बचाव करेगा ये नुस्खा

भीषण गर्मी में लू से बचाव के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक बयान चर्चा में है। उनके मुताबिक जेब में प्याज रखना आपको लू से बचा सकता है। आइए जानते हैं कितना कारगर है ये नुस्खा?

Image

प्याज से होगा लू से बचाव

Onion for Heatwave: गर्मी का मौसम अपने चरम पर है और देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे में लू (हीटवेव) से बचाव को लेकर तरह-तरह के देसी उपाय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने लोगों को जेब में प्याज रखकर चलने की सलाह दी है। इस बयान के बाद यह देसी नुस्खा फिर से सुर्खियों में आ गया है। आइए जानते हैं लू से बचाव में कितना कारगर है ये देसी नुस्खा (Heatwave Protection Tips)...

प्याज और गर्मी का क्या संबंध है?

भारत की पारंपरिक खानपान संस्कृति में गर्मियों के दौरान प्याज का खास स्थान रहा है। सिर्फ स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि शरीर को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए भी इसका उपयोग पीढ़ियों से किया जाता रहा है। दरअसल, यह परंपरा यूं ही नहीं बनी है, बल्कि इसके पीछे ठोस वैज्ञानिक और पोषण संबंधी कारण छिपे हैं। प्याज में एंटीऑक्सीडेंट और फ्लेवोनोइड्स जैसे महत्वपूर्ण यौगिक पाए जाते हैं, जिनमें खासतौर पर क्वेरसेटिन उल्लेखनीय है। इसमें मौजूद आवश्यक खनिज शरीर के इलेक्ट्रोलाइट संतुलन को बनाए रखने में भी भूमिका निभाते हैं। यह शरीर को भीतर से ठंडक देने, पाचन को बेहतर बनाने और हीट स्ट्रेस से लड़ने में सहायक हो सकता है। इसलिए गर्मियों में प्याज को डाइट में शामिल करने की सलाह दी जाती है।

प्याज और लू से जुड़ी परंपरा और विज्ञान

भारतीय लोक मान्यताओं में प्याज को ‘ठंडी तासीर’ वाला माना जाता है। ग्रामीण इलाकों में आज भी लोग गर्मी के मौसम में कच्चा प्याज खाने या साथ रखने की सलाह देते हैं। माना जाता है कि यह शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है और शरीर पर पड़ने वाले लू के असर को कम कर सकता है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्याज में कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद कर सकते हैं, जैसे फ्लेवोनॉयड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स। लेकिन जेब में प्याज रखने से सीधे तौर पर लू से बचाव होता है इस बात का कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

लू से बचाव के कारगर उपाय

  • दिन के समय अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ पिएं।
  • दोपहर के समय घर से बाहर निकलते समय सिर को ढक कर रखें।
  • दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में जाने से बचें।
  • गर्मी के मौसम में हल्के और सूती कपड़े पहनें।
  • गर्मियों में ORS या नींबू पानी का सेवन करें।
भारत में पारंपरिक नुस्खों की अपनी जगह है, लेकिन हर उपाय सभी व्यक्तियों पर समान रूप से असर नहीं करता है। गर्मी के मौसम में प्याज खाना निश्चित रूप से फायदेमंद हो सकता है, लेकिन जेब में प्याज रखकर घूमने को लू से बचाव का 'गारंटीड उपाय' मान लेना सही नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article