तकनीक ने लोगों की जिंदगी में कितना बड़ा बदलाव किया है ये बताने की जरूरत नहीं है। सोशल सर्किल बनाना हो या फिर अपने लिए जीवन साथी की तलाश करना, हर काम में तकनीक सहारा बनी है। आजकल की युवा पीढ़ी तो बिना इनके जिंदगी की कल्पना भी नहीं कर सकते। Gen Z कहलाने वाली युवा पीढ़ी ने जब डेटिंग एप्स से अपने लिए पार्टनर तलाशना शुरू किया तो किसी को पता नहीं था कि एक दिन यही डेटिंग एप्स उन्हें नौकरी दिलाने में भी मदद करेंगे। जी हां, आजकल युवा लिंक्डइन पर नहीं बल्कि बंबल, टिंडर और हिंज जैसे डेटिंग ऐप्स के जरिए नौकरी पा रही है।
बदलते वक्त के साथ डेटिंग ऐप्स की दुनिया भी तेजी से बदली है। अब यह सिर्फ रोमांटिक पार्टनर ढूंढ़ने की जगह नहीं रह गई हैं। यहां लोग दोस्त बना रहे हैं और प्रोफेशनल कनेक्शन भी खोज रहे हैं। उसी हिसाब से अपने मैच की प्रिफरेंस देखते हैं जो उन के करियर में मददगार हो सकता है। कई बार इन डेटिंग एप्स पर लोग बिजनेस आइडियाज तक डिस्कस करते भी दिख जा रहे हैं।
टिंडर या बंबल जैसे डेटिंग एप्स के बायो में अब लोग Looking for creative Collab जैसे प्रोफेशनल हिंट डालने लगे हैं। ये लोग अपनी प्रोफेशनल आइडेंटिटी तक भी शेयर करते हैं और ये बताने में बिल्कुल नहीं हिचकते कि करियर पॉइंट ऑफ व्यू से वे कैसे लोगों से दोस्ती करना चाहते हैं।
डेटिंग एप्स पर नौकरी क्यों तलाश रहे युवा
1. कैजुअल माहौल : लिंक्डइन काफी फॉर्मल है। वहां किसी से बात शुरू करना इंटरव्यू जैसा लगता है। वहीं डेटिंग ऐप्स पर लोग खुल कर बात करते हैं। लोग आसानी से नौकरी या बिजनेस की बातें भी कर लेते हैं।
2. कम कंपटीशन: लिंक्डइन पर एक नौकरी तलाशने वालों की बाढ़ सी आ गई है। एक जॉब पोस्ट पर हजारों एप्लिकेशन आते हैं। इसके उलट डेटिंग ऐप्स पर ऐसा माहौल नहीं है। वहां अगर कोई किसी तरह का प्रपोजल देता है तो उससे सीधे बातचीत का मौका बनता है, बिना किसी भीड़ के।
3. फटाफट कनेक्शन : डेटिंग ऐप्स का इंटरफेस सुपरफास्ट है। दो मिनट में स्वाइप कर के किसी से कनेक्ट हो जाओ। लिंक्डइन पर तो नौकरी ढूंढना किसी जंग लड़ने जैसा हो गया है। हालांकि, लिंक्डइन प्रोफेशनल है। नौकरियों की संभावना भी उसी प्लेटफॉर्म पर ज्यादा होती हैं। लेकिन डेटिंग ऐप्स की दुनिया में अगर किसी के पास कोई नौकरी या वर्क प्रपोजल है तो उसे हासिल करना उतना कठिन नहीं है जितना लिंक्डइन जैसी प्रोफेशनल साइट्स पर होता है।
अब Gen Z और मिलेनियल्स कहलाने वाले युवा नौकरी पाने या नेटवर्किंग के लिए सिर्फ ऑफिस या लिंक्डइन जैसी साइट्स तक ही सीमित नहीं हैं। वह अपने लिए नए रास्ते बना रहे हैं। तभी तो जहां कभी प्यार के लिए राइट स्वाइप किया जाता था, आज वहां करियर के नए दरवाजे भी खुल रहे हैं।
