लाइफस्टाइल

आलिया और रणबीर के साथ कैसे एडजस्ट कर रही हैं नीतू कपूर, बेटे-बहू के साथ एक ही घर पर रहने पर कही ये बात

नीतू कपूर ने बेटे रणबीर और बहू आलिया संग रिश्ते को लेकर दिल छू लेने वाली बात कही। उन्होंने बताया कि शादी के बाद बच्चों को स्पेस देना कितना जरूरी है, ताकि रिश्ता प्यार सम्मान के साथ मजबूत बना रहे।

Image

Neetu Kapoor on giving space to Alia Ranbir after marriage

हर मां के लिए बेटे की शादी जिंदगी का एक बड़ा बदलाव होती है। शादी के बाद सिर्फ बेटे की जिंदगी ही नहीं बदलती, बल्कि मां-बेटे के रिश्ते में भी एक नया पन्ना जुड़ जाता है। बॉलीवुड की बेहतरीन अदाकारा नीतू कपूर ने हाल ही में इसी बदलाव को लेकर बेहद समझदारी भरी बात कही, जिसने कई लोगों का दिल जीत लिया।

बच्चों को अकेला छोड़ना जरूरी है

नीतू कपूर ने कहा, 'मुझे लगता है कि जब बच्चों की शादी हो जाए, तो उन्हें थोड़ा अकेला छोड़ देना चाहिए। मैं उसी बिल्डिंग में रहती हूं, लेकिन जब मन करे तब उनके घर नहीं चली जाती। मैं उन्हें उनका स्पेस देना चाहती हूं। मैं नहीं चाहती कि उन्हें ऐसा लगे कि उनकी मां हमेशा वहीं बैठी रहती है। उनकी प्राइवेसी उनकी अपनी है। मैं उनके मामलों में दखल नहीं देती।'

नीतू जी ने आगे यह भी बताया कि उनकी पोती राहा भी जब फ्री होती है, तभी उनसे मिलने आती है। नीतू बिना बताए उनके घर नहीं जातीं। उनकी यह बात सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद की जा रही है। क्योंकि अक्सर शादी के बाद पेरेंट्स और बच्चों के रिश्तों में दूरी या तनाव की वजह एक-दूसरे की पर्सनल लाइफ में ज्यादा दखल देना बन जाता है।

शादी के बाद क्यों जरूरी है स्पेस देना?

हर नया कपल अपनी जिंदगी को अपने तरीके से समझना और संभालना चाहता है। ऐसे में अगर परिवार उन्हें थोड़ा समय और आजादी दे, तो रिश्ता ज्यादा मजबूत बनता है। मां के लिए यह समझना जरूरी होता है कि बेटा शादी के बाद भी उतना ही प्यार करता है। बस अब उसकी प्राथमिकताओं में एक नया रिश्ता भी जुड़ जाता है। अगर इस बदलाव को सकारात्मक तरीके से अपनाया जाए, तो परिवार में प्यार और सम्मान दोनों बने रहते हैं।

मां कैसे बनाए रिश्ता और भी खूबसूरत?

शादी के बाद बेटे-बहू के रिश्ते को मजबूत बनाने में मां की भूमिका बेहद अहम होती है। हर छोटी बात में सलाह देने या हस्तक्षेप करने की बजाय उन्हें खुद फैसले लेने देना चाहिए। अगर बहू को अपनापन और सम्मान मिले, तो वह भी परिवार से जल्दी जुड़ जाती है। वहीं बेटे को भी यह महसूस होता है कि उसकी मां उसके नए रिश्ते को दिल से स्वीकार कर रही है।

Neetu Kapoor with Alia Bhatt, Ranbir Kapoor, Raha Kapoor

Neetu Kapoor with Alia Bhatt, Ranbir Kapoor, Raha Kapoor

सपोर्ट करें, कंट्रोल नहीं

रिश्तों में सपोर्ट हमेशा जरूरी होता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा कंट्रोल कई बार दूरियां बढ़ा देता है। मां अगर जरूरत पड़ने पर साथ खड़ी रहे और बाकी समय कपल को उनकी जिंदगी जीने दे, तो घर का माहौल ज्यादा खुशहाल रहता है। नीतू कपूर की सोच यही सिखाती है कि रिश्तों को मजबूती देने के लिए सिर्फ प्यार ही नहीं, समझदारी और स्पेस भी उतना ही जरूरी है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article