Mahashivratri 2023 Outfit Ideas:हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल महाशिवरात्रि का त्योहार 18 फरवरी को मनाया जाएगा। इस दिन भोलेनाथ के आशीर्वाद के लिए मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। महाशिवरात्रि के दिन भगवान शंकर का माता पार्वती के साथ विवाह हुआ था। ये दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना करने और उन्हें प्रसन्न करने का अच्छा दिन होता है। ऐसे में भक्ति भाव से पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस मौके पर सूर्योदय से पहले मंदिरों में महारुद्राभिषेक कराया जाता है। वहीं बेलपत्र भांग और धतूरे भोलेनाथ को अत्यंत प्रिय हैं। लेकिन इसके साथ ही शिवरात्रि पर भक्तों को वस्त्र के चयन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
हरा रंग है भोलेनाथ को प्रिय-
सावन का महीना हरियाली का प्रतीक होता है जो कि भोलेनाथ का महीना होता है। सावन के हर सोमवार को महिलाएं हरे वस्त्र पहनकर पूजा पाठ करती हैं। बिल्वपत्र. भांग धतूरा का रंग भी हरा होता है जो कि भोलेनाथ को बहुत प्रिय होता। है इसलिए ऐसा माना जाता है कि महाशिवरात्रि के दिन इस रंग को धारण करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं।
लाल रंग कर सकते हैं धारण-
क्योंकि महाशिवरात्रि शिव पार्वती के विवाह का उत्सव होता है। इसलिए लाल रंग मां पार्वती को प्रिय है। ऐसे में भक्तों को लाल वस्त्र भी धारण करना चाहिए। अगर आप भोलेनाथ को प्रसन्न करना चाहती हैं तो सफेद, पीला, आसमानी या केसरिया रंग के कपड़े भी पहन सकती हैं।
भूलकर भी काले रंग का कपड़ा ना पहनें-
कहते हैं कि इस दिन काले रंग के वस्त्र धारण करने से महादेव क्रोधित हो सकते हैं क्योंकि भोलेनाथ को काला रंग बिल्कुल भी पसंद नहीं है। सिर्फ कपड़ा ही नहीं बल्कि चूड़िया, बिंदी भी काला ना पहनें।
साथ ही इस दिन पूजा के समय धुले हुए और साफ-सुथरे कपड़े ही पहनने चाहिए। इसके अलावा चमड़े से बनी हुई चीजें को पहनने से बचें। अगर कपड़े सूती फैब्रिक के होंगे तो ज्यादा अच्छा रहता है क्योंकि यह आरामदायक होने के साथ-साथ इन्हें धारण करने पर पूजा करते समय आपका मन भटकता नहीं है और पूजा करने के हिसाब से इन्हें शुद्ध भी माना जाता है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)
