सर्दियों के मौसम ने दस्तक दे दिया है। ठंड आते ही लोग अपने वार्डरोब को जाड़े के कपड़ों के साथ अपग्रेड करने लगे हैं। गर्म कपड़ों की दुकान पर लोगों की भीड़ दिख रही है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि विंटर वेयर खरीदने के लिए साल का सबसे सही समय कौन सा होता है?
अगर आपको लगता है कि आप अभी भी बिल्कुल सही समय पर हैं, तो फैशन एक्सपर्ट्स के अनुसार आप थोड़ी देर कर चुके हैं। हालांकि, नवंबर की शुरुआत होने से पहले का यह दौर भी विंटर शॉपिंग के लिए एकदम सही माना जाता है। आइए जानते हैं कि विंटर वार्डरोब तैयार करने की सही स्ट्रैटेजी क्या होनी चाहिए।
क्या विंटर सेल्स वाकई फायदेमंद होती हैं?
गर्मियों के कपड़ों के मुकाबले सर्दियों के कपड़ों में क्वालिटी से समझौता करना भारी पड़ सकता है। सस्ते और लो-क्वालिटी वाले फैब्रिक कुछ ही दिनों में अपनी चमक खो देते हैं, रोएं देने लगते हैं या ठंड से बचाने में नाकाम साबित होते हैं।
हैंगर पर ऊनी दिखने वाले सस्ते एक्रिलिक नायलॉन फैब्रिक पहनने के बाद वो शाही लुक नहीं दे पाते जिसकी आप तलाश कर रहे होते हैं। इसलिए सर्दियों के कपड़ों की खरीदारी करते समय कीमत से ज्यादा उसकी क्वालिटी और सिलाई पर ध्यान देना जरूरी है।
किस तरह के विंटर वियर खरीदें?
आपको ऐसे न्यूट्रल कट्स और क्लासिक डिजाइन वाले कपड़ों पर पैसा लगाना चाहिए जिन्हें आप बार-बार पहन सकें। इसके अलावा इस साल के फैशन ट्रेंड के हिसाब से कोई एक स्टेटमेंट पीस या अपना पसंदीदा नया रंग चुन सकते हैं।
दीवाली और त्योहारी सीजन के बाद जैसे ही ठंड पूरी तरह दस्तक देगी, ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर्स में सर्दियों के कपड़ों की कीमतें तेजी से बढ़ जाएंगी। इसलिए शॉपिंग हमेशा समझदारी से करें, जल्दबाजी या इम्पल्सिव होकर नहीं। अगर आप सही समय पर सही चीजों का चुनाव करेंगे, तो आपका विंटर लुक शानदार भी बनेगा और जेब पर ज्यादा भारी भी नहीं पड़ेगा।
पुराने विंटर वियर से पाएं नया लुक
अगर आपके पुराने स्वेटर, जैकेट या कार्डिगन अपनी चमक खो चुके हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय इन आसान ट्रिक्स से नया और फैशनेबल लुक दे सकते हैं:
- पुराने प्लेन स्वेटर के नीचे कॉन्ट्रास्ट रंग की कॉलर वाली शर्ट पहनें। इससे आपको तुरंत एक क्लासी और प्रोफेशनल लुक मिलेगा।
- अपने पुराने ढीले या ओवरसाइज़्ड कोट और कार्डिगन के साथ कमर पर एक स्टाइलिश लेदर बेल्ट बांधें। यह आपके आउटफिट को एक मॉडर्न शेप देगा।
- रंग-बिरंगे स्कार्फ, मफलर या ट्रेंडी बीनी (ऊनी टोपी) जोड़कर पुराने बोरिंग आउटफिट में भी नया रंग भरा जा सकता है।
- फैब्रिक शेवर का इस्तेमाल करके स्वेटर से रोएं हटा लें, इससे कपड़ा बिल्कुल नया और चमकदार नजर आने लगेगा।
