Leg Pain Relief Yoga: पीरियड्स आने से पहले या उन दिनों में कई महिलाओं को टांगों में दर्द, भारीपन और थकान महसूस होती है। बढ़ती उम्र के साथ भी कई महिलाओं को पैरों में सूजन, कमर में दर्द और पेट फूलने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग तेल की मालिश या दर्द की दवा का सहारा लेते हैं। लेकिन मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर का कहना है कि कुछ आसान योगासन इस परेशानी को कम करने में मदद कर सकते हैं। ये योगासन न सिर्फ पैरों को आराम देते हैं, बल्कि शरीर को भी रिलैक्स महसूस कराते हैं। खास बात यह है कि इन्हें पीरियड्स के दौरान भी आसानी से किया जा सकता है।
वज्रासन से पैरों को मिलता है आराम
वज्रासन एक ऐसा योगासन है जिसे लगभग हर कोई कर सकता है। इसे करने के लिए घुटनों को मोड़कर एड़ियों पर बैठना होता है। अगर शुरुआत में पैरों में खिंचाव महसूस हो तो पिंडलियों के ऊपर मोड़ा हुआ कंबल रखकर बैठ सकते हैं। इससे बैठना आसान हो जाता है। यह आसन पैरों में रक्त संचार बेहतर बनाने और दर्द या भारीपन को कम करने में मदद करता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में मोटापा घटाने वालों की सबसे बड़ी कन्फ्यूजन, नारियल पानी और गन्ने के रस में कौन है ज्यादा फायदेमंद
उपविष्ट कोणासन से कम होती है जकड़न
इस आसन में दोनों पैरों को सामने फैलाकर जितना आराम से हो सके उतना चौड़ा खोलकर बैठा जाता है। इससे पैरों और जांघों की मांसपेशियों को अच्छा खिंचाव मिलता है। जिन महिलाओं को कमर के निचले हिस्से में दर्द या जकड़न रहती है, उनके लिए यह आसन फायदेमंद माना जाता है। नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन भी बढ़ता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रेगनेंसी में बार-बार होती है एसिडिटी, डॉक्टर ने बताए राहत पाने के आसान तरीके, ज्यादातर महिलाएं करती हैं ये गलती
बद्ध कोणासन से मिलता है सुकून
बद्ध कोणासन को बटरफ्लाई पोज भी कहा जाता है। इसमें दोनों पैरों के तलवों को आपस में मिलाकर बैठा जाता है। यह आसन शरीर के निचले हिस्से को आराम देने में मदद करता है। पीरियड्स के दौरान होने वाली बेचैनी और हल्के दर्द में भी इससे राहत मिल सकती है।
सूजन और पेट फूलने की परेशानी में भी मददगार
रुजुता दिवेकर के अनुसार ये तीनों योगासन सिर्फ टांगों के दर्द के लिए ही नहीं हैं। अगर पैरों या टखनों में सूजन रहती है, पेट फूला-फूला महसूस होता है या कमर में अकड़न रहती है, तब भी इनका अभ्यास फायदा पहुंचा सकता है। ये शरीर को आराम देने के साथ-साथ हल्का महसूस कराने में भी मदद करते हैं।
नियमित करें तभी दिखेगा असर
योग कोई जादू नहीं है कि एक दिन में फर्क दिख जाए। लेकिन अगर इन आसनों को रोज कुछ मिनट दिए जाएं तो धीरे-धीरे शरीर में सकारात्मक बदलाव महसूस होने लगते हैं। इसलिए अगर टांगों का दर्द बार-बार परेशान करता है, तो सिर्फ मालिश पर निर्भर रहने के बजाय इन आसान योगासनों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना एक अच्छा कदम हो सकता है।
