बारिश में छाता यूं तो हमारी जरूरत का सामान है लेकिन अब ये लोगों के फैशन और लुक का हिस्सा भी बन रहा है। हाल ही में बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी कुछ ऐसा ही किया है। हाल ही में संसद के मॉनसून सत्र के दौरान कंगना एक रंगीन प्रिंटेड छाते के साथ नजर आईं। उनकी साड़ी और डिजाइनर बैग की तरह इस बार लोगों की नजर उनके छाते पर भी टिक गई। वजह थी उसका डिजाइन और कीमत। यह कोई आम काला छाता नहीं था, बल्कि करीब 6,100 रुपये का Good Earth का डिजाइनर छाता था।
साड़ी से मैच नहीं, फिर भी लुक में घुल गया छाता
कंगना का संसद वाला स्टाइल अक्सर उनकी साड़ियों के इर्द-गिर्द रहता है। हैंडलूम साड़ियां, खास बैग और मिनिमल लेकिन क्लासी एक्सेसरीज उनके लुक का हिस्सा रहे हैं। इस बार उन्होंने नॉर्थईस्ट की एरी सिल्क साड़ी पहनी थी। साथ में Birkin बैग था, लेकिन बारिश से बचने के लिए हाथ में आया एक्वा रंग का छाता पूरे लुक में एक अलग ही रंग जोड़ रहा था।

मानसून सत्र में खास छाता कैरी किये दिखीं कंगना (Photo: PTI)
छाते पर ट्रॉपिकल लैंडस्केप से प्रेरित डिजाइन है। इसके अंदर शेवरॉन पैटर्न दिया गया है। यानी इसे खोलने पर भी इसका डिजाइन उतना ही खास नजर आता है। दिलचस्प बात यह है कि संसद परिसर में आमतौर पर सादे काले छाते ज्यादा नजर आते हैं। ऐसे में कंगना का यह चमकीला छाता स्वाभाविक तौर पर अलग दिखाई दिया।
छाता अब महज जरूरत नहीं रहा
कंगना का यह लुक सिर्फ एक सेलिब्रिटी का फैशन मोमेंट नहीं है। यह उस बदलाव की तरफ भी इशारा करता है, जो फैशन एक्सेसरीज में दिखाई दे रहा है। आज लोग सिर्फ कपड़ों के जरिए अपना स्टाइल नहीं दिखाते। बैग, जूते, घड़ी, चश्मा और ज्वेलरी तक किसी के पर्सनल स्टाइल की पहचान बन चुके हैं। अब इस लिस्ट में छाता भी धीरे-धीरे शामिल हो रहा है।
बाजार में अब ट्रांसपेरेंट छातों से लेकर प्रिंटेड, मोनोग्राम वाले और लग्जरी डिजाइन वाले विकल्प मौजूद हैं। यानी बारिश से बचने वाली इस चीज को भी लोग अपने आउटफिट के साथ सोच-समझकर चुन रहे हैं।
क्यों खास है यह छोटा-सा फैशन ट्विस्ट?
फैशन में कई बार बड़ा बदलाव छोटी सी चीज से आता है। एक खास बैग पूरे लुक को बदल सकता है। कोई स्टेटमेंट ज्वेलरी साधारण साड़ी को खास बना सकती है। उसी तरह एक अलग डिजाइन का छाता भी पूरे लुक में पर्सनैलिटी जोड़ सकता है।

लोगों को पसंद आया कंगना का ये लुक (Photo: PTI)
कंगना के मामले में भी यही हुआ। उनकी साड़ी पहले से ही पारंपरिक और एलिगेंट थी। Birkin बैग ने लुक में लग्जरी का टच दिया, लेकिन रंगीन छाते ने उसमें मॉनसून का मूड जोड़ दिया। यही शायद इस पूरे लुक की सबसे दिलचस्प बात है।
जरूरी नहीं कि 6,100 रुपये का छाता ही खरीदा जाए। असल आइडिया है ऐसी चीज चुनना जो आपके स्टाइल से मेल खाए। अगर आपका आउटफिट सिंपल है तो प्रिंटेड छाता लुक में थोड़ा रंग ला सकता है। वहीं अगर कपड़े पहले से काफी ब्राइट हैं तो सादा या ट्रांसपेरेंट छाता बेहतर लगेगा।
