Kadi Patta Plant Care: भारतीय रसोई में करी पत्ता सिर्फ स्वाद ही नहीं, सेहत और खुशबू का भी अहम हिस्सा है। यही वजह है कि कई लोग इसे अपने घर में गमले में उगाना पसंद करते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर ताजी पत्तियां (kadi leaf) आसानी से मिल सकें। लेकिन अक्सर शिकायत रहती है कि पौधा ठीक से बढ़ नहीं रहा, पत्तियां कम हैं या रंग फीका पड़ रहा है। ऐसे में महंगे फर्टिलाइजर की बजाय एक बेहद आसान और घरेलू उपाय आपकी मदद कर सकता है - चावल का पानी।
करी पत्ते के पौधे में चावल का पानी डालने से क्या होता है
रसोई में चावल धोने या भिगोने के बाद बचा पानी अक्सर फेंक दिया जाता है, जबकि यही पानी पौधों के लिए पोषण का खजाना है। इसमें स्टार्च, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। ये सभी पोषक तत्व पौधे की ग्रोथ को तेज करते हैं और उसे अंदर से मजबूत बनाते हैं। खासकर करी पत्ते के पौधे के लिए यह पानी किसी 'सुपरफूड टॉनिक' से कम नहीं है। नियमित इस्तेमाल से पौधा न सिर्फ तेजी से बढ़ता है, बल्कि उसकी पत्तियां भी गहरी हरी और चमकदार दिखने लगती हैं।
करी पत्ते के पौधे में चावल का पानी कैसे डालें
चावल का पानी इस्तेमाल करना जितना आसान है, उतना ही असरदार भी। इसके लिए एक कटोरी चावल को साफ पानी में भिगोकर लगभग एक घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद चावल को छान लें और जो पानी बचे, उसे सीधे पौधे की मिट्टी में डाल दें। ध्यान रखें कि यह पानी ताजा हो और उसमें नमक या मसाले बिल्कुल न हों। सप्ताह में एक बार इसका उपयोग पर्याप्त होता है। ज्यादा बार देने से मिट्टी में नमी बढ़ सकती है, जिससे फंगस या जड़ों में सड़न की समस्या हो सकती है।
चावल का पानी डालने से करी पत्ते के पौधे को क्या फायदा होता है
चावल का पानी करी पत्ते के पौधे पर सिर्फ ऊपर से हरियाली नहीं लाता, बल्कि पौधे को जड़ों से मजबूत करता है। इसमें मौजूद स्टार्च मिट्टी में अच्छे बैक्टीरिया को सक्रिय करता है, जिससे जड़ों की पकड़ मजबूत होती है। मजबूत जड़ें ही पौधे की असली ताकत होती हैं, जो उसे तेजी से बढ़ने और ज्यादा पत्तियां देने में मदद करती हैं। कुछ ही हफ्तों में फर्क साफ नजर आने लगता है - पत्तियां घनी, चमकदार और ज्यादा स्वस्थ दिखती हैं।
चावल के पानी से मिट्टी की उर्वरता भी बढ़ती है
इस पानी का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह मिट्टी की गुणवत्ता को सुधारता है। लगातार उपयोग से मिट्टी ज्यादा उपजाऊ बनती है और पौधे को लंबे समय तक पोषण मिलता रहता है। यानी एक छोटा-सा घरेलू उपाय आपके गार्डनिंग के अनुभव को बेहतर बना सकता है।
क्या बढ़िया खाद है चावल का पानी
आज के समय में जहां केमिकल फर्टिलाइज़र पर निर्भरता बढ़ती जा रही है, वहीं चावल का पानी एक सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है। इसमें न तो कोई केमिकल है और न ही कोई साइड इफेक्ट। घर में मौजूद चीज से ही आप अपने पौधे की देखभाल कर सकते हैं।
अगर आप चाहते हैं कि आपका करी पत्ता का पौधा हमेशा हरा-भरा और घना रहे, तो अगली बार चावल का पानी फेंकने से पहले जरूर सोचें। हो सकता है, यही छोटा-सा कदम आपके पौधे में नई जान डाल दे।
