Jaya Kishori - Dhirendra Shashtri Relationship: जया किशोरी आज किसी परिचय का मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने कथा वाचन और भजन गायकी से खूब शोहरत हासिल की है। आज इंटरनेट की दुनिया में भी जया किशोरी छाई रहती हैं। महज 9 साल की नन्ही उम्र से स्टेज पर कृष्ण भजन गाने वाली और कथा सुनाने वालीं जया किशोरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सोशल मीडिया क्रिएटर का सम्मान भी मिल चुका है। जया किशोरी आज ना सिर्फ सफल स्पिरिचुअल गुरु हैं बल्कि वह एक बेहतरीन मोटिवेशनल स्पीकर भी बन चुकी हैं। हाल ही में जया किशोरी ने टाइम्स नाऊ समिट में मौजूदगी दर्ज कराई और अपने जीवन से जुड़े कई पहलुओं पर बात की।
क्या बाबा बागेश्वर से शादी करेंगी जया किशोरी?
जया किशोरी से सवाल पूछा गया कि ऐसा क्या है कि बागेश्वर बाबा के नाम से मशहूर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का नाम आते ही उनके चेहरे के हावभाव बदल जाते हैं। पहले तो इस सवाल पर जया किशोरी खूब हंसी फिर शर्माते हुए इस राज से पर्दा हटाया कि आखिर क्यों वह इस नाम पर शर्माने लगती हैं। जया किशोरी ने बताया कि इतनी बार धीरेंद्र शास्त्री के साथ उनका नाम जोड़ा जा चुका है कि अब तो हंसी आने लगी है। जया किशोरी ने कहा कि लोगों को जानकर हैरानी होगी कि मैं आज तक कभी बाबा बागेश्वर से मिली भी नहीं हूं। सिर्फ एक बार 5 मिनट के लिए बात हुई है।
जया किशोरी ने बताया कि दोनों के बीच किसी रिश्ते या शादी की चर्चा को लेकर बाबा बागेश्वर से भी कई बार सवाल किये जा चुके हैं। वो भी ऐसे सवालों से परेशान होते हैं और मैं तो लड़की होने के नाते कुछ ज्यादा ही होती हूं। कुल मिलाकर जया किशोरी ने कहा कि उनके और आचार्य धीरेंद्र शास्त्री के बीच ऐसा कुछ नहीं है जैसा लोग सोचते हैं। बकौल जया ये कुछ लोगों ने सोच लिया है कि दोनों की जोड़ी अच्छी लगेगी तो उसे अपनी सोच अपने घर में रखनी चाहिए। लेकिन लोग पब्लिकली बोलते हैं जो तकलीफदायक है।
शादी को लेकर क्या कहते हैं पेरेंट्स?
जया किशोरी कहती हैं कि उनके पेरेंट्स शादी को लेकर उनपर कभी दबाव नहीं बनाते हैं। जया के मुताबिक उनके पिता का कहना है कि तुम्हें जब शादी करनी हो तब करना, नहीं करनी हो तो मत करना। तुम्हें जिस चीज में खुशी मिले वो करना। शादी ब्याह सबसे बड़ी खुशी है। वहीं जया किशोरी कहती हैं कि वह शादी करेंगी और अच्छे जीवन साथी के चुनाव के बाद ही करेंगी।
