लाइफस्टाइल

आज या 2 अगस्त? कब है इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे 2026, क्यों मनाया जाता है यह दिन? जानें इसका इतिहास और महत्व

International Friendship Day 2026: इस साल इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे कब मनाया जाएगा अगर ये सवाल आपके मन में है तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। यहां इस खास दिन से जुड़ी तमाम जानकारी डिटेल में दी गई है।

Image

इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे 2026 (फोटो: AI)

International Friendship Day 2026: दोस्ती एक ऐसा रिश्ता है, जिसे इंसान खुद चुनता है। दुनियाभर में दोस्ती के अनमोल रिश्ते का सम्मान करने के लिए इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे (International Day of Friendship) मनाया जाता है। हर साल की ही तरह इस बार भी लोगों के मन में एक सवाल जरूर है कि फ्रेंडशिप डे 30 जुलाई को है या अगस्त के पहले रविवार (इस साल 2 अगस्त) को? आइए जानते हैं दोनों तारीखों का अंतर, इस दिन का इतिहास, महत्व और इस साल की थीम।

कब है इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे

संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे हर साल 30 जुलाई को मनाया जाता है। साल 2026 में यह दिन गुरुवार, 30 जुलाई को पड़ रहा है। वहीं, भारत समेत कई देशों में फ्रेंडशिप डे अगस्त के पहले रविवार को मनाया जाता है, जो इस साल 2 अगस्त को पड़ेगा। सीधे और सरल शब्दों में समझें तो दोनों ही तारीख अपनी जगह ठीक हैं लेकिन, इनके आधार अलग-अलग हैं।

क्यों मनाया जाता है इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे

इस खास दिन युवाओं को विभिन्न संस्कृतियों को समझने और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाता है। इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे का मकसद दुनिया में शांति, भाईचारा, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है। संयुक्त राष्ट्र का मानना है कि अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच दोस्ती मजबूत होगी तो संघर्ष कम होंगे और वैश्विक शांति को बढ़ावा मिलेगा।

इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे का इतिहास

इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे मनाने का इतिहास कई दशक पुराना है। इसे वैश्विक स्तर पर पहचान संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 2011 में 30 जुलाई को इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे घोषित करने पर मिली थी। शुरुआत में यह यूनेस्को के कल्चर ऑफ पीस के विचार से भी जुड़ी हुई थी। इस घोषणा के पीछे उद्देश्य था कि लोग मित्रता के जरिए शांति, संवाद और आपसी विश्वास को बढ़ावा दें।

क्या है 2026 की थीम?

इंटरनेशनल फ्रेंडशिप डे 2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र ने कोई अलग आधिकारिक थीम घोषित नहीं की है। हर साल की ही तरह इस साल का भी मुख्य संदेश यही है कि दोस्ती लोगों, देशों और संस्कृतियों के बीच विश्वास, संवाद और शांति का मजबूत आधार बन सके।

क्या है इस दिन का महत्व

आज के समय में दोस्ती का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है क्योंकि अब ज्यादातर लोग डिजिटल दुनिया में व्यस्त हैं और सामाजिक दूरी बढ़ती जा रही है। दोस्त न केवल मानसिक तनाव कम करने में मदद करते हैं बल्कि कठिन समय में भावनात्मक सहारा भी देते हैं। इससे विभिन्न संस्कृतियों और विचारों को समझने का अवसर मिलता है साथ ही समाज में भाईचारा और सकारात्मक माहौल बनता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article