Induction Electricity Saving Tips: देश में लगातार एलपीजी गैस का संकट गहराता जा रहा है। जिसका असर अब हमारी रसोई के साथ-साथ जेब पर भी दिखने लगा है। महंगे होते एलपीजी सिलेंडर और गैस की अनियमित सप्लाई के बीच अब कई घरों में इंडक्शन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। यह न सिर्फ सुविधाजनक है, बल्कि सुरक्षित भी माना जाता है। लेकिन अक्सर लोगों की चिंता यह रहती है कि कहीं इंडक्शन का इस्तेमाल बिजली का बिल ज्यादा न बढ़ा दे। यदि आप भी इंडक्शन के इस्तेमाल को लेकर बिजली बिल की चिंता में रहते हैं, तो आपको कुछ आसान उपाय अपनाकर बिजली की बचत करनी चाहिए। आइए जानते हैं इंडक्शन इस्तेमाल को लेकर बिजली की बचत कैसे करें?
सही बर्तन का चुनाव करें
इंडक्शन पर खाना पकाते समय हर तरह के बर्तन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए ऐसे बर्तन चुनें जिनका बेस फ्लैट और मोटा हो, जैसे स्टेनलेस स्टील या कास्ट आयरन से बने बर्तन। सही बर्तन इस्तेमाल करने से हीट जल्दी ट्रांसफर होती है और बिजली की खपत कम होती है। इससे इंडक्शन का इस्तेमाल करने के बाद भी आपका बिजली का बिल ज्यादा नहीं बढ़ेगा।
खाना पकाने की तैयारी पहले से करें
इंडक्शन पर खाना बनाना है, तो इसकी तैयारी आपको पहले से कर लेनी चाहिए। खाने से जुड़ी सभी तरह की सामग्री को पहले से तैयार कर लें। इसके बाद इंडक्शन चालू करें। इंडक्शन चालू करने के बाद सब्जी काटना, मसाले ढूंढना जैसे काम करने में बिजली की बर्बादी होती है। इसलिए पहले से तैयारी करके खाना पकाने की आदत आपकी बिजली की बचत कराएगी।
सही टेंपरेचर की सेटिंग
इंडक्शन में अलग-अलग टेंपरेचर और पावर मोड होते हैं। इसलिए इनका चयन हमेशा अपनी जरूरत के अनुसार ही करें। इंडक्शन का तापमान सेट करते समय पकाने की चीज का ध्यान रखें। हर चीज को हाई फ्लेम पर पकाने की जरूरत नहीं होती है। वहीं मीडियम टेंपरेचर पर खाना बनाने से खाना अच्छा पकता है और बिजली की बचत भी होती है।
ढक्कन लगाकर खाना पकाएं
इंडक्शन पर खाना बनाते समय बर्तन को ढक कर रखने की आदत बनाएं। इससे हीट बाहर नहीं निकलती और खाना जल्दी पकता है। इस तरह आपका इंडक्शन कम समय के लिए चलता है और बिजली की खपत घटती है। ढक कर खाना बनाने से न केवल आप बिजली की बचत करेंगे, बल्कि आपका खाना भी जल्दी तैयार होगा और समय की भी बचत होगी।
