दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े इंटरनेशनल साइबर ठगी और मानव तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क के जरिए विदेशी नागरिकों को नौकरी और अच्छी कमाई का लालच देकर भारत लाया जाता था। आरोप है कि भारत पहुंचने के बाद उनके पासपोर्ट छीनकर उन्हें एक जगह बंधक बना लिया जाता था और जबरन साइबर ठगी के काम में लगाया जाता था। पुलिस ने इस कार्रवाई में 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया है। इनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस को मौके से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज मिले हैं। बरामद सामान में 355 मोबाइल फोन, 168 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 26 लैपटॉप, 53 सिम कार्ड और 174 पासपोर्ट शामिल हैं। इनमें 95 इंडोनेशिया और 79 मलेशिया के पासपोर्ट हैं। मामले में मलेशिया के रहने वाले 25 साल के तान गुआन वेई को गिरफ्तार किया गया है।
सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी पहचान बनाकर करते थे ठगी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाता था। इसके लिए फर्जी वेबसाइट और APK आधारित ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा था। Zenttrix और Quantvoro जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता था।
ठगी का तरीका भी काफी शातिर था। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। इसके बाद लोगों से दोस्ती कर धीरे-धीरे उनका भरोसा जीतते थे। जब सामने वाला उनके जाल में फंस जाता था तो उसे फर्जी ट्रेडिंग और निवेश प्लेटफॉर्म पर पैसे लगाने के लिए कहा जाता था। शुरुआत में ज्यादा मुनाफे का भरोसा दिलाया जाता था, ताकि लोग बड़ी रकम निवेश कर दें।
बंधक बनाकर विदेशी नागरिकों से कराते थे साइबर फ्रॉड
जांच में यह भी सामने आया है कि विदेश से लाए गए नागरिकों को कथित तौर पर उनकी मर्जी के खिलाफ साइबर ठगी के काम में लगाया जाता था। उनसे लगातार मोबाइल फोन और कंप्यूटर के जरिए संभावित शिकार लोगों से बातचीत कराई जाती थी। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए 355 मोबाइल और 168 कंप्यूटर इस पूरे नेटवर्क के बड़े पैमाने पर चलने का संकेत देते हैं।
भारतीय हैंडलर्स की भूमिका भी आई सामने
इस मामले में पुलिस की जांच के दौरान दो भारतीय नागरिकों सुनील कुमार और सुशील कुमार की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस को शक है कि इनके कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल नेटवर्क के किराये और दूसरे खर्चों को पूरा करने के लिए किया जा रहा था। अब पुलिस बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि साइबर ठगी से मिले पैसे किन लोगों तक पहुंचते थे और इस पूरे नेटवर्क को कौन चला रहा था।
फिलहाल गिरफ्तार मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई से पूछताछ की जा रही है। उसके मोबाइल, डिजिटल कम्युनिकेशन, संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच हो रही है। पुलिस इस इंटरनेशनल नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
