How To Survive In Stampede: उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें अब तक 8 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं इस हादसे में 35 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। वहीं राहत बचाव कार्य भी जारी है। बता दें कि इस साल में भगदड़ का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 8 जनवरी, 2025 , तिरुमाला, आंध्र प्रदेश में भगदड़ मची थी जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद 29 जनवरी, 2025 - महाकुंभ मेला, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में भी भगदड़ मची थी जिसमें कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए थे। वहीं 15 फरवरी, 2025, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी भगदड़ की घटना घटी थी जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में ये सवाल है कि भगदड़ में अपनी जान को कैसे बचाया जा सकता है। यहां हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिसकी मदद से आप भगदड़ में अपनी जान बचा सकते हैं।
भगदड़ में खुद को कैसे बचाएं - How to Protect Yourself in a Stampede
शांत रहें और घबराएं नहीं
भगदड़ के दौरान शांत रहना सबसे ज़रूरी है। घबराने से आप भीड़ में गलत फैसले ले सकते हैं और आपकी एनर्जी बर्बाद हो सकती है। ऐसे में भगदड़ के वक्त गहरी सांसें लें और स्थिति का आकलन करें।
भीड़ के साथ चलें
भगदड़ होने पर लोग इधर-उधर भागने लगते हैं। लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। जिस दिशा में भीड़ आगे बढ़ रही है, उसी दिशा में आगे बढ़ते चलें। उल्टी दिशा में जाने से आप गिर सकते हैं या फंस सकते हैं।
ऑक्सीजन लेवल मेंटेन रखें
चिल्लाने या शोर मचाने में अपनी ऊर्जा और ऑक्सीजन लेवल बर्बाद न करें। ज़्यादातर मौतें दम घुटने से होती हैं। अपनी सांस पर नियंत्रण रखें।
बॉक्सर" पोज अपनाएं
भगदड़ के वक्त बॉक्सर पोज अपनाएं। इसके लिए अपने पैरों को थोड़ा फैलाकर मजबूती से ज़मीन पर रखें। दोनों हाथों को बॉक्सर की तरह अपनी छाती के सामने रखें। इससे आपकी पसलियां और फेफड़े सुरक्षित रहेंगे और आपको सांस लेने में मदद मिलेगी। यह मुद्रा आपको संतुलन बनाए रखने में भी मदद करती है।
किनारे की ओर जाएं
अगर स्थिति सामान्य होती दिख रही है और भीड़ थोड़ी कम है, तो धीरे-धीरे तिरछे तरीके से किनारे या किसी दीवार के सहारे खड़े होने की कोशिश करें। सीधे आगे या पीछे भागने की बजाय, लोगों के बीच से तिरछे निकलें।
किसी मज़बूत चीज़ का सहारा लें
अगर संभव हो तो किसी खंभे, दीवार या किसी मज़बूत चीज़ को पकड़कर खुद को स्थिर रखें।
अगर आप गिर जाएं तो क्या करें
फीटल पोजिशन
अगर आप ज़मीन पर गिर जाते हैं, तो तुरंत उठने की कोशिश करें। अगर यह संभव न हो, तो अपने शरीर को करवट में मोड़ लें। घुटनों को छाती के पास खींच लें और अपने सिर व गर्दन को दोनों हाथों से ढक लें। यह आपके शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को चोट से बचाएगा।
