शहर

मनेर एनकाउंटर के बाद दानापुर अस्पताल में बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज तो मीसा भारती ने परिजनों से की मुलाकात

Bihar Encounter: बिहार की राजधानी पटना के मनेर में हुए एनकाउंटर को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एनकाउंटर में मारे गए जयप्रकाश यादव के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

Image

मीसा भारती ने जयप्रकाश के परिजनों से की मुलाकात

Photo : ANI

Bihar Encounter: बिहार के मनेर में शुक्रवार को पुलिस एनकाउंटर के बाद हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस ने तीन अपराधियों को एनकाउंटर में मार गिराया। इसके बाद जब उनके शव पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल लाए गए तो वहां पर भारी हंगामा हुआ।

बताया जा रहा है कि एनकाउंटर में मारे गए जयप्रकाश यादव के परिजनों और पुलिस के बीच तीखी नोंकझोक भी हुई और हालात ऐसे बन गए कि परिजनों ने शवों को एंबुलेंस से उतारने और पोस्टमार्टम करने से रोकने की कोशिश की। ऐसे में मौके पर भारी भीड़ जुट गई और स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

मीसा भारती ने अस्पताल जाकर परिजनों से की मुलाकात

इस बीच, राजद सांसद मीसा भारती अस्पताल पहुंचीं और वहां जयप्रकाश यादव के परिजनों से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना। इस दौरान जयप्रकाश यादव की मां, भाई और बहन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का दावा है कि पुलिस जयप्रकाश को उसके घर से उठाकर ले गई थी और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि यह पूरी कार्रवाई एक साजिश के तहत की गई। परिवार ने इस मामले में चुनावी रंजिश का भी आरोप लगाया है। हालांकि, परिजनों के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का बड़ा खुलासा

पुलिस ने मनेर एनकाउंटर में मारे गए तीनों अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड सामने रखा है। पुलिस के मुताबिक, तीनों के खिलाफ हत्या, रंगदारी, डकैती, हमला और अवैध हथियारों से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज थे। ये अपराधी पटना के अलग-अलग थानों में दर्ज संगीन मामलों में वांछित भी चल रहे थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दानापुर के ताराचक निवासी जयप्रकाश यादव के खिलाफ कुल 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उसका आपराधिक इतिहास वर्ष 1996 से शुरू हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत खगौल, दानापुर, राजीवनगर, फतुहां और मनेर थानों में मुकदमे दर्ज थे। इसके अलावा, राजा कुमार उर्फ सूरज और बब्लू यादव पर भी गंभीर मुकदमे दर्ज थे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article