लाइफस्टाइल

घर पर सांभर मसाला कैसे बनाएं, नोट करें साउथ इंडियन सांभर मसाला बनाने की विधि

Ghar Par Sambar Masala Kaise Banaen (घर पर सांभर मसाला कैसे बनाते हैं): घर पर सांभर मसाला बनाना काफी आसान है। अगर आप इसे घर पर बनाना चाहते हैं तो यहां से इसरी पूरी रेसिपी देख सकते हैं। यहां सांभर मसाला तैयार करने का बेस्ट तरीका बताया गया है।

Image

घर पर सांभर मसाला कैसे बनाएं (pc: pinterest)

Ghar Par Sambar Masala Kaise Banaen (घर पर सांभर मसाला कैसे बनाते हैं): साउथ इंडियन खाने का असली स्वाद उसके मसाले में छिपा होता है। ये सांभर मसाला है और वैसे तो बाजार में तो सांभर मसाला मिल ही जाता है। लेकिन घर पर बने ताजे मसाले की बात ही कुछ और होती है। बाजार के सांभर मसाले से वो स्वाद नहीं आता जो घर पर बने मसालों से आता है। इसलिए आपको घर पर ही सांभर मसाला बनाकर रख लेना चाहिए। फिर आप इसे जिस भी डिश में इस्तेमाल करेंगे, उसका स्वाद जबरदस्त हो जाएगा। यहां से आप सांभर मसाले की पूरी रेसिपी भी नोट कर सकते हैं।

सांभर मसाला बनाने की सामग्री (sambar masala banane ki samagri)-

  • धनिया
  • जीरा
  • मेथी
  • सरसों के दाने
  • सूखी लाल मिर्च
  • करी पत्ता
  • चना दाल
  • अरहर दाल
  • काली मिर्च
  • हल्दी
  • हींग पाउडर

सांभर मसाला बनाने की विधि (sambar masala banane ki vidhi)-

घर पर सांभर मसाला बनाने के लिए आपको सबसे पहले सही मसालों का सिलेक्शन करना होगा। सभी मसाले साफ हो और उनमें नमी बिल्कुल भी ना हो। अगर मसालों में थोड़ी सी भी सीलन या नमी होगी, तो पीसने के बाद मसाला जल्दी खराब हो सकता है। इसलिए धनिया, जीरा, मेथी, सरसों और सूखी लाल मिर्च को अच्छे से देख लें। करी पत्तों को धोकर सूती कपड़े से पोंछ लें ताकि उनका पानी पूरी तरह सूख जाए।

अब एक साफ पैन को धीमी आंच पर गैस पर रखें। इसमें 2 चम्मच साबुत धनिया, डेढ़ चम्मच जीरा, 5 से 6 सूखी लाल मिर्च, एक चम्मच सरसों के दाने, 1/4 चम्मच मेथी दाना और करी पत्ता डालें। इन सभी को धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक कि मसालों से हल्की-हल्की सौंधी खुशबू न आने लगे और करी पत्ते कुरकुरे न हो जाएं।

ध्यान रहे कि गैस की आंच तेज न करें, वरना मसाले ऊपर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रह जाएंगे, जिससे स्वाद कड़वा हो सकता है। मसालों को अच्छे से भूनने के बाद तुरंत गैस बंद कर दें। अब भुने हुए मसालों को उसी गर्म पैन में न छोड़ें, बल्कि तुरंत एक अलग सूखी प्लेट में निकाल कर फैला दें। अगर मसाले गर्म पैन में ही रहेंगे, तो पैन की गर्मी से वे ज्यादा भुन जाएंगे। इन्हें कमरे के तापमान पर पूरी तरह से ठंडा होने के लिए छोड़ दें।

अब उसी खाली पैन को दोबारा गैस पर रखें। इसमें थोड़ी चना दाल, अरहर दाल और साबुत काली मिर्च के दाने डालें। इन्हें भी धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए लगभग मिनट तक सूखा भून लें। दालों के भुनने से सांभर मसाले को एक बेहतरीन गाढ़ापन और सोंधा स्वाद मिलता है। भूनने के बाद इन्हें भी अलग प्लेट में निकाल कर पूरी तरह से ठंडा कर लें।

जब भुने हुए मसाले और दालें पूरी तरह ठंडी हो जाएं, तब उन्हें एक साथ मिक्सर ग्राइंडर के सूखे जार में डालें। अब इसमें ऊपर से थोड़ी हल्दी और हींग पाउडर मिलाएं। हींग सांभर को एक बेहतरीन खुशबू और पाचक गुण देती है, जबकि हल्दी मसाले को सुंदर कलर देती है। अब ढक्कन बंद करके मिक्सी को चलाएं और सभी चीजों को एक बिल्कुल बारीक पाउडर के रूप में पीस लें। आपका शुद्ध और घर का बना खुशबूदार सांभर मसाला अब तैयार है। इसे लंबे समय तक ताजा रखने के लिए किसी कांच के या प्लास्टिक के सूखे और साफ एयरटाइट कंटेनर में भर कर रखें।

Srishti
सृष्टि author

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्... और देखें

End of Article