लाइफस्टाइल

1 लीटर दूध से बनेंगे 50 रसगुल्ले, जानें प्रेशर कुकर में स्पॉन्जी सॉफ्ट रसगुल्ला बनाने की ये सीक्रेट रेसिपी

Cooker Mein Rasgulla Kaise Banaye: बस एक लीटर दूध से आसानी से 40 से 50 सॉफ्ट और स्पॉन्जी रसगुल्ले प्रेशर कुकर में बनाए जा सकते हैं, बस सही तरीके से छेना तैयार करना जरूरी है। सही आंच, पतली चाशनी और बिना दरार वाले बॉल्स इस रेसिपी की सफलता का सीक्रेट हैं।

Image

कुकर में रसगुल्ले कैसे बनाएं (pc: canva)

Cooker Mein Rasgulla Kaise Banaye: अगर आपको घर पर बाजार जैसे मुलायम और स्पॉन्जी रसगुल्ले बनाने हैं, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। सिर्फ 1 लीटर दूध से आप करीब 40 से 50 छोटे रसगुल्ले आसानी से बना सकते हैं। खास बात यह है कि इन्हें प्रेशर कुकर में बनाना बेहद आसान है और ज्यादा समय भी नहीं लगता। आइए जानते हैं इसकी आसान और सीक्रेट रेसिपी।

रसगुल्ला बनाने की सामग्री-

  • 1 लीटर फुल क्रीम दूध
  • 2–3 चम्मच नींबू का रस या सिरका
  • 1 कप चीनी
  • 4 कप पानी
  • 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर (वैकल्पिक)

रसगुल्ला बनाने की विधि-

सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में दूध को उबाल लें। जब दूध अच्छे से उबल जाए, तो गैस धीमी कर दें और उसमें धीरे-धीरे नींबू का रस डालें। दूध फटकर पानी और छेना अलग हो जाएगा। अब इसे एक साफ कपड़े में छान लें और ठंडे पानी से धो लें ताकि नींबू की खटास खत्म हो जाए। इसके बाद कपड़े को हल्के हाथ से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल लें। ध्यान रखें कि छेना बहुत ज्यादा सूखा या बहुत गीला नहीं होना चाहिए। अब इस छेने को किसी प्लेट में निकालकर 8 से 10 मिनट तक अच्छे से मसलें। जब यह स्मूद और मुलायम आटा जैसा बन जाए, तब इससे छोटे-छोटे गोल बॉल्स बना लें। ध्यान रखें कि बॉल्स में कोई दरार न हो। अब प्रेशर कुकर में 1 कप चीनी और 4 कप पानी डालकर उबाल लें। जब चाशनी उबलने लगे, तब उसमें तैयार किए गए छेने के बॉल्स डाल दें। कुकर का ढक्कन बंद करें और मध्यम आंच पर 1 सीटी आने दें। इसके बाद गैस धीमी करके 5 से 7 मिनट और पकाएं। गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। जब ढक्कन खोलेंगे तो आप देखेंगे कि रसगुल्ले पहले से दोगुने साइज के हो चुके हैं और एकदम स्पॉन्जी लग रहे हैं।

सीक्रेट टिप्स-

  • छेना जितना अच्छी तरह मसलेंगे, रसगुल्ले उतने ही सॉफ्ट बनेंगे।
  • बॉल्स बनाते समय दरारें नहीं होनी चाहिए, वरना रसगुल्ले फट सकते हैं।
  • चाशनी हमेशा पतली रखें, गाढ़ी नहीं।
  • कुकर को ज्यादा देर तक तेज आंच पर न रखें, वरना रसगुल्ले सख्त हो सकते हैं।

अब तैयार रसगुल्लों को ठंडा होने दें और चाहें तो इलायची पाउडर डालकर स्वाद बढ़ा सकते हैं। इस आसान तरीके से आप घर पर ही हलवाई जैसे सॉफ्ट और स्पॉन्जी रसगुल्ले बना सकते हैं। परिवार के साथ इसका आनंद लें और त्योहारों को और भी खास बनाएं।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article