लाइफस्टाइल

होली पर केमिकल रंग नहीं! घर में फूलों से बनाएं 100% नेचुरल गुलाल, नोट करें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

How to Make Natural Holi Colors In Hindi: इस होली घर के फूलों और प्राकृतिक चीजों से बनाएं नेचुरल गुलाल। जानें गेंदा, गुलाब, पलाश, चुकंदर और मेहंदी से सुरक्षित और स्किन-फ्रेंडली होली रंग बनाने का आसान तरीका। केमिकल रंगों से बचें और बिना खर्च घर पर तैयार करें ऑर्गेनिक होली कलर। पढ़ें घर पर होली के रंग बनाने का आसान तरीका।

Image

होली के लिए फूलों से बनाएं नैचुरल रंग

How to Make Natural Holi Colors In Hindi: होली का त्योहार रंगों, उमंग और खुशियों का प्रतीक है। जैसे ही यह त्योहार करीब आता है, बाजार रंग-बिरंगे गुलाल और पिचकारियों से सज जाते हैं। लेकिन आजकल मिलने वाले कई रंग केमिकल से भरे होते हैं, जो त्वचा, बालों और आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। “ऑर्गेनिक” के नाम पर भी कई बार महंगे प्रोडक्ट बेचे जाते हैं।

ऐसे में क्यों न इस बार आप घर पर ही प्राकृतिक रंग तैयार करें? खास बात यह है कि ये रंग फूलों, सब्जियों और पत्तियों से आसानी से बनाए जा सकते हैं। ये पूरी तरह स्किन-फ्रेंडली होते हैं और इनका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता। आइए जानते हैं, कैसे आप घर की चीजों से खूबसूरत और वाइब्रेंट होली के रंग बना सकते हैं।

घर पर होली के ऑर्गैनिक रंग कैसे बनाएं - How To Make Organic Holi Colours At Home In Hindi

गेंदा से बनाएं पीला गुलाल

गेंदा का फूल आसानी से घरों या मंदिरों में मिल जाता है। इसका चमकीला पीला रंग होली के लिए बिल्कुल परफेक्ट है।

कैसे बनाएं:

  • गेंदे की पंखुड़ियों को अलग कर लें।
  • 2-3 दिन तेज धूप में अच्छी तरह सुखा लें।
  • सूखने के बाद मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें।

आपका नेचुरल पीला गुलाल तैयार है। मात्रा बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा बेसन या कॉर्न फ्लोर मिला सकते हैं। इससे रंग हल्का और त्वचा पर मुलायम लगेगा।

गुलाब से बनाएं लाल रंग

लाल रंग होली की पहचान है। इसे बनाने के लिए लाल गुलाब से बेहतर विकल्प क्या हो सकता है?

कैसे बनाएं:

  • ताजी गुलाब की पंखुड़ियां धोकर पीस लें।
  • इस पेस्ट को पानी में उबालें।
  • पानी का रंग गहरा होने पर ठंडा करके छान लें।

आपका नेचुरल लाल लिक्विड कलर तैयार है। गहरा रंग पाने के लिए पंखुड़ियों को रातभर भिगोकर सुबह उबाल सकते हैं। यह रंग त्वचा के लिए भी फायदेमंद रहता है।

पलाश के फूल से बनाएं नारंगी रंग

पलाश को 'फ्लेम ऑफ फॉरेस्ट' भी कहा जाता है। इससे बना रंग बेहद आकर्षक नारंगी शेड देता है।

पाउडर बनाने के लिए:

फूलों को धूप में सुखाकर पीस लें।

लिक्विड रंग के लिए:

  • सूखे या ताजे फूलों को रातभर पानी में भिगो दें।
  • सुबह हल्का उबाल लें।
  • यह रंग पूरी तरह स्किन-फ्रेंडली और सुरक्षित होता है।

चुकंदर से बनाएं पर्पल या मजेंटा रंग

चुकंदर से खूबसूरत पर्पल या मजेंटा रंग तैयार किया जा सकता है।

कैसे बनाएं:

  • चुकंदर को छोटे टुकड़ों में काटें।
  • पानी में उबालें जब तक रंग गहरा न हो जाए।
  • ठंडा करके छान लें।

यह नेचुरल लिक्विड कलर पिचकारी में भरकर आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।

मेहंदी की पत्तियों से बनाएं हरा गुलाल

अगर घर में मेहंदी का पौधा है, तो इससे सुंदर हरा रंग तैयार किया जा सकता है।

कैसे बनाएं:

  • ताजी पत्तियों को धोकर धूप में सुखाएं।
  • सूखने पर बारीक पीस लें।
  • चाहें तो कॉर्न फ्लोर मिलाकर मात्रा बढ़ाएं।

लिक्विड रंग के लिए पत्तियों को पानी में उबालकर छान लें। इससे हल्का और मुलायम ग्रीन कलर तैयार होगा।

इस होली अपनाएं नेचुरल रंग

इस बार होली पर केमिकल रंगों से दूरी बनाएं और प्रकृति के रंगों से त्योहार मनाएं। ये रंग न केवल सुरक्षित हैं, बल्कि पर्यावरण के लिए भी अच्छे हैं। साथ ही, इन्हें बनाने में ज्यादा खर्च भी नहीं होता। तो क्यों न इस होली को थोड़ा खास और हेल्दी बनाया जाए - घर के फूलों से तैयार नेचुरल गुलाल के साथ!

यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article