How to identify adultered Tea leaf: भारत के ज्यादातर घरों में दिन की शुरुआत चाय से होती है। करोड़ों लोगों के लिए चाय डेली लाइफ का हिस्सा है। अब सोचिए जरा कि जो चाय आप पी रहे हैं वो नकली और मिलावटी चायपत्ती से बनी है तो क्या होगा। जी हां, हाल ही में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में 800 किलो नकली चायपत्ती पकड़ी गई है। जांच में पता चला कि चायपत्ती को केमिकल से कलर किया गया था। डॉक्टर्स का कहना है कि इस तरह की चायपत्ती इंसान के लिए जहर के समान है।
ऐसे में जरूरी ये है कि हम अपने खाने पीने की चीजों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहें। यहां हम आपको कुछ तरीके बता रहे हैं जिनकी मदद से आप असली और मिलावटी चायपत्ती में आसानी से फर्क कर सकते हैं:
रंग देखकर हो जाएं सावधान
असली चायपत्ती का रंग आम तौर पर गहरा भूरा या काला होता है, लेकिन उसमें एक प्राकृतिक चमक दिखाई देती है। अगर चायपत्ती जरूरत से ज्यादा काली, चमकदार या एकदम एक जैसे रंग की दिख रही है, तो सतर्क हो जाना चाहिए। कई बार केमिकल कलर्स के इस्तेमाल से चायपत्ती असामान्य रूप से चमकदार नजर आती है।
ठंडे पानी से पहचानें
चायपत्ती की शुद्धता जांचने का एक आसान तरीका है ठंडे पानी का प्रयोग। एक गिलास ठंडे पानी में थोड़ी सी चायपत्ती डाल दें। अगर पानी तुरंत गहरा भूरा या लाल रंग छोड़ने लगे, तो यह मिलावटी है। असली चायपत्ती अपना रंग धीरे-धीरे छोड़ती है और आमतौर पर ठंडे पानी में तुरंत रंग नहीं फैलाती।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में घर का सांपों से सेफ कैसे रखें
हथेली पर रगड़कर देखें
थोड़ी सी चायपत्ती हथेली पर लेकर उसे रगड़ें। अगर हाथों पर ज्यादा रंग चिपक जाए या काला-भूरा निशान बनने लगे, तो यह मिलावटी हो सकता है। शुद्ध चायपत्ती आमतौर पर इस तरह रंग नहीं छोड़ती।
खुशबू से पहचानें
असली चायपत्ती की खुशबू प्राकृतिक और हल्की होती है। अगर चायपत्ती से जरूरत से ज्यादा तेज या अजीब सी गंध आ रही है, तो यह मिलावट की ओर इशारा कर सकती है। अच्छी गुणवत्ता वाली चाय की महक धीरे-धीरे महसूस होती है, वह बहुत तीखी नहीं होती।
उबलने पर करें गौर
असली चायपत्ती से बनी चाय में रंग और स्वाद धीरे-धीरे विकसित होता है। अगर चाय कुछ ही सेकंड में बहुत गहरी हो जाए, तो इसकी गुणवत्ता और शुद्धता पर संदेह होना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बिरयानी के लिए बेस्ट चावल कौन सा होता है?
चायपत्ती खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
खुली चायपत्ती खरीदने से बचें। कोशिश करें पैक्ड चायपत्ती लें। इसके लिए भी ऐसे ब्रांड को चुनें जिनकी विश्वसनीयता बनी हुई हो। अगर चायपत्ती आपको बहुत सस्ती मिल रही है तब भी सतर्क हो जाएं। शायद ये खराब हो या फिर मिलावटी हो।
याद रखें कि चाय का स्वाद तभी मिलता है, जब उसमें शुद्धता हो। इसलिए चायपत्ती खरीदते समय थोड़ी सी सावधानी और कुछ आसान जांच के तरीके आपको मिलावट से बचाने में मदद कर सकते हैं। आखिरकार, दिन की शुरुआत जिस चाय से होती है, उसकी गुणवत्ता पर भरोसा होना भी उतना ही जरूरी है।
