लाइफस्टाइल

बिना धूप के कपड़े सुखाने का सबसे आसान तरीका, बारिश के दिनों में बहुत काम आएंगी ये ट्रिक

Clothes Drying Tips: बारिश के दिनों में बिना धूप के कपड़े सुखाना मुश्किल जरूर है, लेकिन सही ट्रिक्स अपनाकर यह आसान बनाया जा सकता है। कमरे में अच्छा एयर फ्लो कपड़ों को जल्दी सुखाने में आपकी मदद कर सकता है।

Image

बारिश में कपड़े सुखाने के टिप्स

Clothes Drying Tips: बारिश का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतनी ही मुश्किल कपड़े सुखाने में होती है। कई-कई दिनों तक धूप नहीं निकलती, जिससे कपड़े नम रह जाते हैं और उनमें सीलन व बदबू आने लगती है। ऐसे में लोग बार-बार कपड़े धोने या दोबारा सुखाने की परेशानी झेलते हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू ट्रिक्स अपनाकर बिना धूप के भी कपड़ों को जल्दी सुखाया जा सकता है। आज हम आपको ऐसी की कुछ शानदार और असरदार ट्रिक्स (Monsoon Laundry Tips) के बारे में बताने जा रहे हैं।

कपड़ों को अच्छे से निचोड़ें

कपड़े धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह निचोड़ना सबसे जरूरी कदम है। यदि आपकी वॉशिंग मशीन में स्पिन मोड है तो उसका इस्तेमाल करें। हाथ से धोए गए कपड़ों को सूखे तौलिए में लपेटकर हल्का दबाएं। तौलिया अतिरिक्त नमी सोख लेगा और कपड़े जल्दी सूखेंगे।

पंखे की हवा में सुखाएं

बारिश में धूप न मिले तो भी तेज हवा कपड़ों को जल्दी सुखा सकती है। कपड़ों को स्टैंड पर इस तरह फैलाएं कि उनके बीच पर्याप्त दूरी रहे और सीधे पंखे की हवा लगती रहे। लगातार एयर फ्लो से नमी तेजी से निकलती है।

कमरे की विड़ोज खुली रखें

अगर बाहर बारिश नहीं हो रही है तो खिड़कियां और दरवाजे खोल दें ताकि कमरे में हवा का आवागमन बना रहे। बंद कमरे में नमी बढ़ जाती है, जिससे कपड़े देर से सूखते हैं और उनमें फफूंदी की गंध आ सकती है।

हैंगर पर सुखाना है बेहतर

भारी कपड़ों जैसे शर्ट, कुर्ता या जैकेट को रस्सी पर मोड़कर टांगने की बजाय हैंगर पर टांगें। इससे कपड़े चारों ओर से हवा लेते हैं और सिलवटें भी कम पड़ती हैं। जींस या मोटे कपड़ों को उल्टा टांगने से भी सुखाने की गति बढ़ सकती है।

डीह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें

यदि घर में डीह्यूमिडिफायर या एयर कंडीशनर का Dry Mode है तो उसका उपयोग किया जा सकता है। यह कमरे की अतिरिक्त नमी कम करता है, जिससे कपड़े सामान्य से कहीं जल्दी सूखते हैं। मानसून के दिनों में कपड़े सुखाने में ये ट्रिक काम काफी आसान कर सकती है।

बदबू से बचने के लिए अपनाएं ये आसान उपाय

कपड़ों को लंबे समय तक गीला छोड़ने से उनमें सीलन की गंध आने लगती है। इसलिए कपड़े धोने के तुरंत बाद सुखाने के लिए डालें। आखिरी बार धोते समय पानी में थोड़ा सफेद सिरका या एंटीबैक्टीरियल लॉन्ड्री लिक्विड मिलाने से भी बदबू बनने की संभावना कम हो सकती है।

हेयर ड्रायर या इस्त्री से भी आसान होगा काम

अगर किसी एक-दो कपड़ों की तुरंत जरूरत हो तो हेयर ड्रायर से हल्की गर्म हवा देकर उन्हें जल्दी सुखाया जा सकता है। हल्के नम कपड़ों पर इस्त्री करने से भी बची हुई नमी कम हो जाती है। हालांकि इस तरीके का इस्तेमाल केवल जरूरत पड़ने पर ही करें।

बारिश में कपड़े सुखाने की चुनौती

बारिश के मौसम में कपड़े सुखाना चुनौती जरूर है, लेकिन सही तरीका अपनाने से यह काम आसान हो सकता है। अतिरिक्त पानी निकालना, पंखे की हवा का सही इस्तेमाल, कपड़ों के बीच पर्याप्त दूरी रखना और कमरे में हवा का अच्छा प्रवाह बनाए रखना ऐसी आसान ट्रिक्स हैं, जिनकी मदद से बिना धूप के भी कपड़े जल्दी सूख सकते हैं और उनमें सीलन या बदबू नहीं आती। ये छोटे-छोटे उपाय पूरे मानसून में आपके काफी काम आएंगे।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article