How to Control high bp Naturally: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन तेजी से आम समस्या बनता जा रहा है। खराब खानपान, तनाव, कम नींद और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। खास बात यह है कि अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर समय रहते लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव किए जाएं, तो ब्लड प्रेशर को काफी हद तक प्राकृतिक तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है। इसको लेकर हमने बात की दिल्ली के सीके बिरला हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमित प्रकाश सिंह और रेनबो अस्पताल के जनरल पीडियाट्रिशियन डॉ. पवन कुमार से।
नमक का सेवन कम करें
डॉक्टर अमित के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए सबसे पहला कदम नमक की मात्रा कम करना माना जाता है। अधिक नमक शरीर में सोडियम बढ़ाता है, जिससे ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है। इसमें पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड, चिप्स, नमकीन और फास्ट फूड का सेवन कम करना चाहिए। इसकी जगह घर का ताजा और हल्का भोजन बेहतर विकल्प हो सकता है।
डाइट में शामिल करें ये चीजें
डॉ. पवन के मुताबिक, फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और नट्स जैसी चीजें ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में मदद करती हैं। पोटैशियम से भरपूर फूड्स जैसे केला, नारियल पानी, पालक और संतरा शरीर में सोडियम के असर को कम करने में सहायक माने जाते हैं। इसके साथ ही पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है, क्योंकि शरीर में डिहाइड्रेशन होने पर ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है।
डेली एक्सरसाइज जरूर करें
आज की बैठकर काम करने वाली लाइफस्टाइल कई बीमारियों की वजह बन रही है। डॉक्टरों के अनुसार, रोजाना 30 से 40 मिनट की शारीरिक गतिविधि ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनाती है और दिल को मजबूत रखने में मदद करती है। तेज चलना, साइकलिंग, योग, स्विमिंग या हल्की एक्सरसाइज भी काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। नियमित व्यायाम वजन को नियंत्रित रखने में भी मदद करता है, जो हाई BP मरीजों के लिए बेहद जरूरी है।
नींद पूरी करें
लगातार तनाव में रहना, देर रात तक जागना, लंबे समय तक स्क्रीन पर काम करना और पर्याप्त नींद न लेना भी ब्लड प्रेशर बढ़ाने वाले बड़े कारण माने जाते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स कहते हैं कि मानसिक तनाव धीरे-धीरे शरीर पर असर डालता है और हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में मेडिटेशन, गहरी सांस लेने की तकनीक और योग जैसी रिलैक्सेशन एक्टिविटीज अपनाना फायदेमंद हो सकता है।
स्मोकिंग और शराब से दूरी बनाएं
धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर असंतुलित होने लगता है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि स्मोकिंग से पूरी तरह दूरी बनाना और शराब का सेवन न करना दिल की सेहत के लिए बेहद जरूरी है। जिससे आपका ब्लड प्रेशर भी सामान्य रहने लगेगा।
