लाइफस्टाइल

सिर्फ 3 चीजों से बनाएं हलीम के बीजों का डिटॉक्स ड्रिंक, वजन घटाने और पीसीओडी में मिल सकते हैं ये फायदे

Halim Seeds Detox Drink: क्या आपने कभी हलीम के बीज से बना डिटॉक्स ड्रिंक ट्राई किया है? बता दें कि यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हो सकता है। एक्सपर्ट की मानें तो यह पीसीओओडी और वेट लॉस मैनेजमेंट भी मदद कर सकता है।

Image

हलीम सीड्स से बनी ये ड्रिंक देगी गजब फायदे

Halim Seeds Detox Drink: आजकल सोशल मीडिया पर हलीम के बीजों का डिटॉक्स ड्रिंक काफी चर्चा में है। अगर हलीम के बीजों को गुनगुने पानी में भिगोकर उसमें नींबू का रस मिलाकर खाली पेट पिया जाए, तो इससे वजन कम करने, मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने और पीसीओडी में मदद मिल सकती है। हेल्थ इंफ्लुएंसर और डाइटिशियन शिखा कुमारी यह समझना जरूरी है कि कोई भी एक ड्रिंक अकेले वजन कम नहीं कर सकता। सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ ही ऐसे ड्रिंक बेहतर परिणाम देने में सहायक हो सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका और इसके संभावित फायदे।

कैसे बनाएं हलीम के बीजों का डिटॉक्स ड्रिंक

इस ड्रिंक को बनाना काफी आसान है। इसके लिए एक बड़ा चम्मच हलीम के बीज लें और उन्हें गुनगुने पानी में करीब 30 मिनट के लिए भिगो दें। जब बीज अच्छी तरह फूल जाएं, तब इसमें ताजा नींबू का रस मिला दें। इस ड्रिंक को सुबह खाली पेट करीब 25 से 30 दिनों तक लिया जा सकता है। हालांकि, अगर आपको कोई बीमारी है या आप दवा ले रहे हैं, तो इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

वजन घटाने और मेटाबॉलिज्म में कैसे मदद कर सकता है

हलीम के बीजों में फाइबर, प्रोटीन, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है। इससे ओवरईटिंग कम करने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही संतुलित डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने पर वजन कम करने की कोशिशों को बेहतर सपोर्ट मिल सकता है।

क्या पीसीओडी में फायदेमंद हो सकता है

पीसीओडी से जूझ रही महिलाओं के लिए वजन को नियंत्रित रखना काफी अहम माना जाता है। अगर हलीम के बीजों का सेवन संतुलित डाइट का हिस्सा बनाकर किया जाए, तो यह शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद कर सकता है। हालांकि, यह पीसीओडी का इलाज नहीं है। इस समस्या में सही इलाज, डॉक्टर की सलाह और हेल्दी लाइफस्टाइल सबसे ज्यादा जरूरी होते हैं।

डॉक्टर क्या कहते हैं

दिल्ली के सीके बिड़ला हॉस्पिटल में क्लिनिकल न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स की डॉ. पूजा आनंद के अनुसार, हलीम के बीज फाइबर, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत हैं। इन्हें संतुलित मात्रा में खाने से पाचन और पोषण में मदद मिल सकती है। लेकिन इन्हें 'डिटॉक्स' या वजन घटाने का जादुई उपाय मानना सही नहीं है। शरीर का डिटॉक्सिफिकेशन मुख्य रूप से लिवर और किडनी का प्राकृतिक काम है।

किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए

अगर आप प्रेग्नेंट हैं, स्तनपान करा रही हैं, ब्लड शुगर या ब्लड थिनर जैसी दवाएं ले रहे हैं या किसी पुरानी बीमारी से पीड़ित हैं, तो हलीम के बीजों का नियमित सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या रजिस्टर्ड डाइटिशियन से सलाह जरूर लें। साथ ही, किसी भी हेल्दी ड्रिंक से तभी फायदा मिलेगा, जब आपकी पूरी लाइफस्टाइल संतुलित हो। इसलिए इसे हेल्दी डाइट और रोजाना की एक्टिव लाइफ के साथ ही अपनाएं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article