First Love Shayari in Hindi: पहला प्यार… एक एहसास जो शब्दों से ज़्यादा आंखों में ठहरता है, धड़कनों में गूंजता है और उम्र भर दिल के किसी कोने में सांस लेता रहता है। यह वो एहसास होता है जो सबसे मासूम, सबसे बेखबर और सबसे सच्चा होता है। पहली बार जब कोई किसी के लिए खास बनता है, तो हर चीज़ खूबसूरत लगने लगती है। फिर चाहे वो बारिश की बूंदें हों, किताबों के पन्ने हों या फिर हर सुबह की धूप। पहले प्यार में उम्मीदें नहीं होतीं, बस सपने होते हैं। कुछ अधूरे, कुछ संजोए हुए। यह प्यार भले ही हमेशा मंजिल तक न पहुंचे, लेकिन यह हमें प्यार करना सिखा जाता है। इसी पहले प्यार को बहुत से शायरों ने अपनी शायरी में सजाया है। आइए पढ़ते हैं पहले प्यार पर लिखे कुछ बेहतरीन शेर:
Shayari for First Love | Romantic Shayari | Love Shayari
1. उसे मैं क्यूं मोहब्बत से न देखूं
वो मेरा पहला पहला प्यार ठहरा
- अभिषेक कुमार अम्बर
2. प्यार का पहला ख़त लिखने में वक़्त तो लगता है
नए परिंदों को उड़ने में वक़्त तो लगता है
- हस्तीमल हस्ती
3. ख़्वाब टूटे सजाना मुश्किल है
प्यार पहला भुलाना मुश्किल है
- गुरबीर छाबरा
4. 'जमाल' हर शहर से है प्यारा वो शहर मुझ को
जहां से देखा था पहली बार आसमान मैं ने
- जमाल एहसानी
5. उसे छूते हुए भी डर रहा था
वो मेरा पहला पहला तजरबा था
- अंजुम सलीमी
6. दिल में जब पहला सा वो प्यार नहीं
अब गुलाबों पे वो निखार नहीं
- कृष्ण मोहन
7. अपनी हस्सास तबीअत की क़सम है मुझ को
दिल में अब प्यार का पहला सा वो एहसास नहीं
- रज़ा अश्क
8. जिस की आवाज़ कानों में सुब्ह सुब्ह चिड़ियों की तरह चहकती थी
जिस की मौजूदगी से फ़ज़ाओं में ख़ुशबू सी महकती थी
- आमिर रियाज़
9. मेरे लिए तुम्हारा प्यार बिल्कुल वैसा था
जैसे चाय के आख़िरी घूंट में दूसरे कप की तलब
- गीताञ्जलि राय
10. अब की बार मिलो जब मुझ से
पहली और बस आख़िरी बार
- बशर नवाज़
11. प्यार के पर्चे का था पहला सवाल
याद है पहली मोहब्बत आप को
- यश त्रिवेदी
12. मौसम-ए-नौ-बहार अच्छा था
सच में पहला वो प्यार अच्छा था
- अज्ञात
अगर आपको ये शेर पसंद आए हों तो आप समझ पाएंगे कि पहला प्यार टूटे तो भी पूरी उम्र उसकी नमी दिल में बनी रहती है। शायद इसलिए लोग कहते हैं कि पहला प्यार भुलाया नहीं जाता, क्योंकि वह दिल से ज़्यादा आत्मा में बसता है।
