लाइफस्टाइल

राजमा-छोले खाने से पेट फूलता है? न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने बताया गैस और ब्लोटिंग से बचने का आसान तरीका

राजमा-छोले खाने के बाद पेट फूलने और गैस की परेशानी होती है तो इन्हें डाइट से हटाने की जरूरत नहीं। न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने बनाने का आसान तरीका बताया है।

Image

गैस और ब्लोटिंग से बचने का आसान तरीका (फोटो: AI)

राजमा और छोले भारतीय खाने का अहम हिस्सा हैं। ये स्वादिष्ट होने के साथ प्रोटीन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। लेकिन कई लोगों को इन्हें खाने के बाद पेट भारी लगने लगता है। पेट फूलना, गैस बनना और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में लोग अक्सर राजमा-छोले खाना कम कर देते हैं या अपनी डाइट से इन्हें पूरी तरह हटा देते हैं। हालांकि, हर बार इन चीजों को छोड़ना जरूरी नहीं है। इन्हें बनाने का तरीका थोड़ा बदलकर भी पाचन से जुड़ी परेशानियों को कम करने में मदद मिल सकती है। न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह ने राजमा और छोले को बनाने के तरीके से जुड़ी कुछ आसान टिप्स बताई हैं, जिन्हें आप अपनी रसोई में भी अपना सकते हैं।

राजमा-छोले खाने से क्यों होती है गैस?

राजमा और छोले में फाइबर के साथ कुछ ऐसे कार्बोहाइड्रेट होते हैं, जिन्हें पचाने में शरीर को थोड़ा समय लगता है। कई लोगों की आंतों में ये पूरी तरह पच नहीं पाते और जब इनका फर्मेंटेशन होता है, तो गैस बनने लगती है। यही वजह है कि राजमा-छोले खाने के बाद पेट फूला हुआ महसूस हो सकता है। अगर इन्हें ठीक से भिगोया या पकाया न जाए, तो परेशानी और बढ़ सकती है।

राजमा-छोले बनाते समय अजवाइन जरूर डालें

श्वेता शाह के मुताबिक, राजमा या छोले बनाते समय तड़के में थोड़ी अजवाइन डालना एक पारंपरिक तरीका है। अक्सर घरों में मां और दादी राजमा-छोले के तड़के में अजवाइन का इस्तेमाल करती हैं। यह केवल स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि पाचन में मदद के लिए भी इस्तेमाल की जाती है।

अजवाइन का इस्तेमाल भारतीय रसोई में लंबे समय से पेट से जुड़ी परेशानियों, खासकर गैस और भारीपन के लिए किया जाता रहा है। हालांकि, इसे बहुत ज्यादा डालने की जरूरत नहीं है। राजमा या छोले के तड़के में केवल 5 से 6 अजवाइन के दाने डालना काफी है। इससे खाने का स्वाद भी खराब नहीं होगा और इसकी खुशबू भी हल्की बनी रहेगी।

राजमा और छोले भिगोने का सही तरीका

राजमा और छोले बनाने से पहले उन्हें रातभर पानी में भिगोकर रखना चाहिए। इससे दाने नरम होते हैं और पकने में कम समय लगता है। श्वेता शाह सलाह देती हैं कि भिगोने के बाद उस पानी को इस्तेमाल करने के बजाय फेंक दें। इसके बाद राजमा या छोले को साफ पानी से धोकर पकाने के लिए इस्तेमाल करें। भिगोने के बाद इन्हें खुले बर्तन में अच्छी तरह उबालना भी एक अच्छा तरीका है। इससे ऊपर आने वाला झाग हटाया जा सकता है। इसके बाद जरूरत के मुताबिक इन्हें प्रेशर कुकर में भी पकाया जा सकता है, ताकि दाने पूरी तरह नरम हो जाएं।

अच्छी तरह पकाकर खाएं राजमा और छोले

राजमा और छोले को अधपका खाने से बचना चाहिए। इन्हें अच्छी तरह नरम होने तक पकाना जरूरी है। अगर दाने अंदर से सख्त रह जाते हैं, तो उन्हें खाने के बाद पेट में भारीपन महसूस हो सकता है। इसलिए भिगोने से लेकर उबालने और प्रेशर कुक करने तक की प्रक्रिया को सही तरीके से अपनाएं। अगर आपको राजमा-छोले खाने के बाद अक्सर गैस या ब्लोटिंग होती है, तो अगली बार इन्हें बनाते समय इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें। हालांकि, अजवाइन डालने से हर व्यक्ति में गैस की समस्या खत्म हो जाए, इसकी गारंटी नहीं है। लगातार पेट फूलने या पेट दर्द की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

Shweta Shah
Shweta Shahauthor

जानी-मानी न्यूट्रिशनिस्ट और डाइट एक्सपर्ट श्वेता शाह को डाइटेटिक्स, अप्लाइड न्यूट्रिशन और पारंपरिक आयुर्वेद के क्षेत्र में 24 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने मुंबई के निर्मला निकेतन से डाइटेटिक्स और अप्लाइड न्यूट्रिशन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। श्वेता आधुनिक न्यूट्रिशन साइंस के साथ भारतीय खानपान की पारंपरिक समझ और आयुर्वेद के प्रकृति सिद्धांत को जोड़कर डाइट प्लान तैयार करती हैं। वह दीपिका पादुकोण, कटरीना कैफ, रकुल प्रीत सिंह और साक्षी धोनी जैसी चर्चित हस्तियों के साथ भी काम कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article