क्यों मनाया जाता है फादर्स डे?
फादर्स डे का उद्देश्य है पिता और पिता समान पुरुषों (जैसे दादा, अंकल, गुरु आदि) के योगदान, प्यार और समर्थन को सम्मानित करना। यह दिन बच्चों के लिए उनके पिता को उनकी मेहनत, बलिदान, संरक्षण, और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद कहने का मौका होता है। फादर्स डे की शुरुआत 20वीं सदी में हुई थी, जब समाज में पिता की भूमिका को विशेष मान्यता देने की जरूरत महसूस हुई।
फादर्स डे का इतिहास
इसकी शुरुआत सोनोरा स्मार्ट डॉड (Sonora Smart Dodd) नाम की एक अमेरिकी महिला ने की थी। उनकी मां का निधन हो गया था और उनके पिता ने अकेले ही अपने छह बच्चों की परवरिश की थी। सोनोरा ने महसूस किया कि जिस तरह मदर्स डे माताओं के सम्मान के लिए मनाया जाता है, उसी तरह पिताओं के योगदान को भी सराहा जाना चाहिए। उनके प्रयासों के बाद, 19 जून, 1910 को पहला फादर्स डे मनाया गया।
बाद में, 1966 में अमेरिकी राष्ट्रपति लिंडन जॉनसन ने जून के तीसरे रविवार को फादर्स डे के रूप में मनाने की आधिकारिक घोषणा की। 1972 में इसे संयुक्त राज्य अमेरिका में एक राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया गया।
फादर्स डे 2025 की थीम
हर साल फादर्स डे को किसी न किसी थीम के जरिए सेलिब्रेट किया जाता है। ऐसे में फादर्स डे 2025 का आधिकारिक थीम "पिता: लचीलेपन का पोषण और भविष्य को आकार देना" है। यह थीम हमारे जीवन में पिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालती है, जो बच्चों में सकारात्मक भावनाओं और सामाजिक विकास को बढ़ावा देते हैं। यह दिन पिताओं के अटूट प्यार, ताकत और समर्थन का सम्मान करने और उन पिताओं की मदद करने का अवसर है जो जीवन की चुनौतियों से जूझ रहे हैं।
