लाइफस्टाइल

हार के डर से टूटने लगे हौसला तो मान कर देखें डॉ. विवेक बिंद्रा की ये बातें, जरूर मिलेगी सफलता

हार कोई अंत नहीं, सीखने की प्रक्रिया का एक अनिवार्य हिस्सा है। दुनिया का कोई भी सफल व्यक्ति बिना हारे या बिना गलतियों के उस ऊंचाई तक नहीं पहुंचा है।

Image

विवेक बिंद्रा के मोटिवेशनल कोट्स

हारने का डर किसी भी इंसान के लिए सबसे विनाशकारी माना गया है। इसे अंग्रेजी में 'फियर ऑफ फेलियर' कहा जाता है। यह डर हमें कुछ नया करने, जोखिम लेने और अपनी क्षमताओं को आजमाने से रोकता है। जब हम असफलताओं के बारे में अधिक सोचने लगते हैं, तो यह डर हमारे आत्मविश्वास को निगल जाता है।

वैसे ठीक से देखें तो हार कोई अंत नहीं, सीखने की प्रक्रिया का एक अनिवार्य हिस्सा है। दुनिया का कोई भी सफल व्यक्ति बिना हारे या बिना गलतियों के उस ऊंचाई तक नहीं पहुंचा है। इस डर पर काबू पाने और जीवन में सफलता के शिखर तक पहुंचने में फेमस बिजनेस कोच और मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा के ये मोटिवेशनल कोट्स काम आ सकते हैं:

जीरो से ही शुरुआत होती है

किसी भी बड़े लक्ष्य की शुरुआत हमेशा शून्य से ही होती है। जिस तरह हर क्रिकेटर शून्य से अपनी पारी शुरू करता है, वैसे ही जीवन में छोटी शुरुआत करने से कभी नहीं हिचकिचाना चाहिए।

दृष्टिकोण ही आपकी किस्मत है

आप दुनिया में जो तलाशेंगे, वही आपको मिलेगा। यदि आप कठिनाइयों पर ध्यान देंगे तो केवल समस्याएं दिखेंगी, लेकिन अगर अवसरों पर ध्यान देंगे तो तरक्की का रास्ता खुलेगा।

मानसिकता बदलें

सफलता किसी बाहरी परिस्थिति से ज्यादा आपकी अंदरूनी सोच पर निर्भर करती है। जिस दिन आप अपनी मानसिकता बदल लेते हैं, उसी दिन से आपकी सफलता का सफर शुरू हो जाता है।

कुछ पाने के लिए कुछ करना पड़ता है

विवेक बिंद्रा का मानना है कि सफलता बिना प्रयास के नहीं मिलती। वो कहते भी हैं कि गाय दूध देती नहीं, निकालना पड़ता है। डर के आगे जीत नहीं, बल्कि पहले दर्द और सीख होती है, जिसके बाद जीत हासिल होती है।

पैशन को बनाएं करियर

करियर ऐसा चुनें जिसके लिए आपको पैसे न भी मिलें, तब भी आप उसे करने को तैयार रहें। जब काम जुनून से प्रेरित होता है, तो बाहरी दबाव आपको तोड़ नहीं पाता।

ओस चाटने से प्यास नहीं बुझती

बड़ी सफलता पाने के लिए बड़े प्रयास करने पड़ते हैं। छोटे या आधे-अधूरे प्रयासों से असाधारण परिणाम कभी हासिल नहीं किए जा सकते।

सफलता का परफेक्ट कॉम्बिनेशन

जब आपकी पसंद (जो आपको भाता है), आपकी क्षमता (जो आपको आता है) और बाजार की जरूरत (जो मार्केट चाहता है) का मेल होता है, तो सफलता हासिल करने से आपको कोई नहीं रोक सकता।

खुद के रिकॉर्ड तोड़ें

दूसरों से मुकाबला करने के बजाय खुद को चुनौती दें। यदि आप हर सुबह यह संकल्प लेते हैं कि "मैं आज अपने कल के रिकॉर्ड को तोडूंगा", तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता।

फोकस रखें

जीवन में भटकाव और सोशल मीडिया के शोर को छोड़कर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। जब आप एकाग्र होकर काम करते हैं, तो दुनिया का बाकी शोर अपने आप कम हो जाता है।

संसर्ग का असर

आपकी संगत ही यह तय करती है कि आप जीवन में क्या बनेंगे। जैसे पानी नालियों में गिरकर गंदा होता है और सीप में गिरकर मोती बनता है, वैसे ही आपके आसपास के लोग आपकी पहचान गढ़ते हैं।

विवेक बिंद्रा की ये बातें आपको अपने हार के डर पर काबू करने में मदद करेंगी। हमेशा याद रखें कि निरंतर प्रयास, सही दृष्टिकोण, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही जीवन में किसी भी इंसान को विपरीत परिस्थितियों से निकालकर सफलता की ऊंचाई तक पहुंचा सकती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article