लाइफस्टाइल

क्या दोस्ती सिर्फ बराबरी वालों में होनी चाहिए? कृष्ण-सुदामा की कहानी देती है इसका सबसे सटीक जवाब

Friendship Day क्या सच्ची दोस्ती सिर्फ बराबरी वालों में ही हो सकती है? श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता इस सवाल का सबसे सुंदर जवाब देती है। फ्रेडशिप के खास मौके पर जरूर पढ़ें मित्रता की ये शानदार मिशाल।

Image

कृष्ण-सुदामा की सच्ची मित्रता

Friendship Day: दोस्ती का रिश्ता अक्सर समान उम्र, समान हैसियत या समान सोच वाले लोगों के बीच माना जाता है। आज के दौर में भी कई लोग मानते हैं कि दोस्ती तभी टिकती है, जब दोनों का सामाजिक और आर्थिक स्तर लगभग बराबर हो। लेकिन भारतीय संस्कृति में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की प्रसिद्ध मित्रता इस धारणा को पूरी तरह बदल देती है। यह कहानी बताती है कि सच्ची मित्रता कभी धन, पद, प्रतिष्ठा या परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। यदि रिश्ते में प्रेम, सम्मान और विश्वास हो, तो हर दूरी अपने आप मिट जाती है। आइए मित्रता दिवस के मौके पर हम आपको इसके बारे में विस्तार से बताएंगे।

दोस्तों के बीच का अंतर

गुरुकुल में साथ पढ़ने वाले कृष्ण और सुदामा जीवन के दो अलग-अलग रास्तों पर चले गए। श्रीकृष्ण द्वारका के सम्राट बने, जबकि सुदामा अत्यंत निर्धन ब्राह्मण के रूप में जीवन बिताने लगे। दोनों की आर्थिक स्थिति में विशाल अंतर था, लेकिन उनके मन में एक-दूसरे के लिए वही अपनापन बना रहा। यही इस कथा (Krishna Sudama Story) का सबसे बड़ा संदेश है कि सच्चे मित्र की पहचान उसकी संपत्ति नहीं, बल्कि उसके स्वभाव और प्रेम से होती है।

दोस्ती के बीच अहंकार नहीं

जब सुदामा अपनी पत्नी के आग्रह पर श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे, तब उन्होंने कोई मदद नहीं मांगी। उनके पास भेंट के रूप में केवल मुट्ठी भर चिवड़ा (पोहे) थे। लेकिन श्रीकृष्ण ने राजसी मर्यादाओं को छोड़कर स्वयं दौड़कर अपने मित्र का स्वागत किया। उन्होंने सुदामा को गले लगाया, उनके चरण धोए और बड़े प्रेम से उनका साधारण-सा उपहार स्वीकार किया। यह दृश्य बताता है कि पद बड़ा हो सकता है, लेकिन सच्चे मित्र के सामने अहंकार हमेशा छोटा पड़ जाता है।

दोस्ती के बीच स्वार्थ नहीं

सुदामा श्रीकृष्ण के पास सहायता मांगने नहीं गए थे। उन्होंने अपनी गरीबी का रोना नहीं रोया और न ही किसी प्रकार की अपेक्षा रखी। यही कारण है कि उनकी मित्रता आज भी आदर्श मानी जाती है। जहां अपेक्षाएं कम और अपनापन अधिक होता है, वहीं दोस्ती सबसे मजबूत बनती है।

दिलों का मेल जरूरी

आज की दुनिया में अक्सर लोग अपने स्टेटस, करियर, आय या सोशल सर्कल के आधार पर रिश्ते बनाते हैं। लेकिन कृष्ण-सुदामा की कहानी बताती है कि मित्रता का आधार समान बैंक बैलेंस नहीं, बल्कि समान भावनाएं होती हैं। यदि दो लोग एक-दूसरे की खुशी में खुश हों, दुख में साथ खड़े हों और बिना किसी स्वार्थ के रिश्ता निभाएं, तो वही सच्ची दोस्ती कहलाती है।

मित्र वही जो सम्मान बनाए रखे

कृष्ण ने कभी सुदामा की गरीबी को उनकी पहचान नहीं बनने दिया। उन्होंने मित्र के आत्मसम्मान का पूरा ध्यान रखा। बिना कुछ कहे ही उनकी सारी परेशानियां दूर कर दीं। यह सीख आज भी उतनी ही प्रासंगिक है कि सच्चा दोस्त वही होता है, जो जरूरत पड़ने पर मदद करे, लेकिन सामने वाले के सम्मान को ठेस न पहुंचाए।

क्या सीख देती है यह कथा?

सोशल मीडिया और दिखावे के दौर में दोस्ती कई बार लाइक्स, स्टेटस और सुविधाओं तक सीमित हो जाती है। ऐसे समय में कृष्ण-सुदामा की मित्रता याद दिलाती है कि रिश्ते समय देने, विश्वास बनाए रखने और बिना स्वार्थ साथ निभाने से मजबूत होते हैं। यदि मित्र की सफलता देखकर ईर्ष्या नहीं, बल्कि गर्व महसूस हो और कठिन समय में बिना बुलाए साथ खड़े होने की भावना हो, तो वही दोस्ती जीवनभर चलती है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article