लाइफस्टाइल

एक बार फिर ट्रेंड में है 24 कैरेट गोल्ड सीरम, जानें इसके फायदे और इस्तेमाल का सही तरीका

स्किन स्पेशलिस्ट्स की मानें तो गोल्ड सीरम के कुछ संभावित फायदे हैं, लेकिन इनमें से कई लाभ सीरम में मौजूद दूसरे एक्टिव इंग्रीडिएंट्स की वजह से भी मिलते हैं।

Image

क्या सच में चेहरे को चमकाने का काम करता है ये 24K गोल्ड सीरम (Photo: iStock)

स्किनकेयर की दुनिया में हर कुछ महीनों में कोई नया ट्रेंड वायरल हो जाता है। इन दिनों 24K गोल्ड सीरम भी ऐसा ही एक प्रोडक्ट है, जो सोशल मीडिया से लेकर ब्यूटी स्टोर्स तक खूब चर्चा में है। दावा किया जाता है कि इसमें मौजूद 24 कैरेट सोने के कण त्वचा को इंस्टेंट ग्लो देते हैं, झुर्रियां कम करते हैं और स्किन को जवां बनाए रखते हैं। लेकिन क्या यह सचमुच इतना असरदार है या सिर्फ एक लग्जरी ट्रेंड? आइए जानते हैं क्या कहते हैं स्किन एक्सपर्ट्स:

क्या होता है 24K गोल्ड सीरम?

24K गोल्ड सीरम एक हल्का स्किनकेयर सीरम है, जिसमें शुद्ध 24 कैरेट सोने के बेहद महीन कण मिलाए जाते हैं। हालांकि इसमें गोल्ड के साथ ही हायलूरोनिक एसिड, विटामिन C, विटामिन E, पेप्टाइड्स और वनस्पति अर्क जैसी चीजें भी शामिल होती हैं, जो त्वचा को हाइड्रेट और रिपेयर करने में मदद करती हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि सोने का इस्तेमाल त्वचा की देखभाल में प्राचीन मिस्र जैसी सभ्यताओं से होता आया है।

इससे त्वचा को क्या फायदे हो सकते हैं?

स्किन स्पेशलिस्ट्स की मानें तो गोल्ड सीरम के कुछ संभावित फायदे हैं, लेकिन इनमें से कई लाभ सीरम में मौजूद दूसरे एक्टिव इंग्रीडिएंट्स की वजह से भी मिलते हैं।

- सोने में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा की जलन और मुंहासों से जुड़ी सूजन को शांत करने में सहायक हो सकते हैं।

- यह कोलेजन बनने की प्रक्रिया को सपोर्ट कर सकता है, जिससे त्वचा की लोच बेहतर बनी रहती है और फाइन लाइन्स कम नजर आ सकती हैं।

- हायलूरोनिक एसिड त्वचा में नमी बनाए रखता है, जिससे चेहरा भरा हुआ और मुलायम दिखता है।

- सोने के चमकदार कण त्वचा पर तुरंत चमक का असर देते हैं, जबकि विटामिन C समय के साथ दाग-धब्बे हल्के करने में मदद कर सकता है।

- इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण फ्री रेडिकल्स और पर्यावरणीय नुकसान से त्वचा की रक्षा करने में मदद कर सकते हैं।

इसे लगाने का सही तरीका

24K गोल्ड सीरम का इस्तेमाल किसी भी दूसरे फेस सीरम की तरह किया जाता है। सबसे पहले चेहरे को अच्छे से साफ करें। चाहें तो टोनर लगाकर त्वचा तैयार करें। सीरम की 2–3 बूंदें चेहरे और गर्दन पर लगाएं। हल्के हाथों से ऊपर की दिशा में मसाज करें। इसके बाद मॉइस्चराइज़र लगाएं। अगर दिन में इस्तेमाल कर रहे हैं, तो अंत में सनस्क्रीन लगाना न भूलें।

क्या इसके कोई साइड इफेक्ट्स भी हैं?

एक्सपरट्स का कहना है कि हर नया स्किनकेयर प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करना चाहिए। अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है या किसी चीज से एलर्जी रहती है, तो यह कदम खास तौर पर जरूरी है।

साथ ही, सिर्फ यह सोचकर कि प्रोडक्ट में सोना है, उससे चमत्कारी नतीजों की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। असली असर इस बात पर भी निर्भर करता है कि उसमें और कौन-कौन से सक्रिय तत्व मौजूद हैं और आप उसे नियमित रूप से इस्तेमाल कर रहे हैं या नहीं।

क्या यह हर किसी को सूट करता है?

अगर आपका मकसद सिर्फ चमकदार और स्वस्थ त्वचा पाना है, तो 24K गोल्ड सीरम कोई अनिवार्य प्रोडक्ट नहीं है। वहीं अगर आप प्रीमियम स्किनकेयर एक्सपीरियंस करना चाहते हैं और आपकी त्वचा इसे सूट करती है, तो यह आपकी रूटीन का हिस्सा बन सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article