लाइफस्टाइल

Asha Bhosle Love Story: सुरों में बसी अमर प्रेम कहानी, प्यार जो हर मुश्किल पर पड़ा भारी, आशा भोसले और पंचम दा

Asha Bhosle Love Story: दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन के बाद उनकी जिंदगी के कई अनसुने पहलू सामने आ रहे हैं। उन्हीं में से एक उनकी प्रेम कहानी है जिसमें संगीत संघर्ष और सच्चा साथ देखने को मिलता है।

Image

सुरों में बसी अमर प्रेम कहानी

Asha Bhosle Love Story: दिग्गज गायिका आशा भोसले का 11 मार्च को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। इस गमगीन मौके पर पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। आशा भोसले का जीवन लोगो के लिए एक प्रेरणा है जिसमें सभी के लिए सीखने को बहुत कुछ है। इस आर्टिकल के माध्यम से हम जानेंगे आशा भोसले (Asha Bhosle Death) से जुड़ी एक दिलचस्प कहानी जिसके बारे में बेहद कम लोग जानते हैं। इस कहानी में संगीत, संघर्ष और सच्चा साथ तीनों का अनोखा मेल देखने को मिलता है।

हम बात कर रहे हैं आशा भोसले और R. D. बर्मन के प्रेम कहानी की जो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की दुर्लभ कहानियों में से एक है। इस कहानी को सिर्फ एक लव स्टोरी के रूप में देखना ठीक नहीं होगा बल्कि यह दो कलाकारों के दिलों और सुरों के मिलने की कहानी है।

करियर के शुरुआती दौर में आशा भोसले को अक्सर दोयम दर्जे के गाने ही मिलते थे। दूसरी ओर ‘पंचम दा’ के नाम से मशहूर R. D. बर्मन की पहचान एक प्रयोगधर्मी संगीतकार के रूप में थी और अपने संगीत से वो लोगों के दिलों में छाए हुए थे। पहली मुलाकात दोनों की प्रोफेशनल माहौल में हुई, लेकिन धीरे-धीरे यह रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़ने लगा।

हालांकि, उनकी लव स्टोरी बिल्कुल भी आसान नहीं थी। समाज की बंदिशें और घर-परिवार की जिम्मेदारियां बार-बार उनके रिश्ते के बीच आकर खड़ी हो जाती थीं। आशा भोसले पहले से शादीशुदा थीं और उनकी पर्सनल लाइफ में काफी उतार-चढ़ाव चल रहे थे। वहीं R. D. बर्मन भी अपने करियर और निजी जिंदगी की परेशानियों से गुजर रहे थे।

अगर प्यार सच्चा हो तो रास्ते अपने आप बन जाते हैं ये कहावत उनकी प्रेम कहानी में पूरी तरह से फिट बैठती है । तमाम मुश्किलों के बाद साल 1980 में दोनों ने शादी कर ली। ये सिर्फ शादी नहीं थी, बल्कि दो ऐसे कलाकारों का मिलन था जो दिल से भी जुड़े थे और संगीत से भी। शादी के बाद भी दोनों ने साथ में कई शानदार गाने दिए, जो आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।

जब R. D. बर्मन का जीवन थोड़ा धीमा पड़ने लगा और ऐसा लगने लगा कि अब उनका म्यूजिक करियर हाशिए पर है तब आशा भोसले ही वो शख्स थे जो चट्टान की तरह हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहीं थीं। उन्होंने सिर्फ एक पत्नी नहीं, बल्कि एक सच्चे साथी की तरह उनका साथ निभाया। यही उनकी मोहब्बत की असली ताकत थी।

आज भी जब हम उनके गाने सुनते हैं, तो सिर्फ संगीत नहीं सुनाई देता, बल्कि उनके प्यार की झलक भी साफ महसूस होती है। ये कहानी सिर्फ एक कहानी नहीं है बल्कि इसमें सीख छिपी है जो हमें सिखाती है कि सच्चा प्यार वक्त, हालात और मुश्किलों से कहीं बड़ा होता है। और जब ये प्यार संगीत के साथ मिल जाए, तो वो हमेशा के लिए अमर हो जाता है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article