लाइफस्टाइल

9/11 आतंकी हमला: जब तबाही और मौत के मलबे में खिले मोहब्बत के फूल

तबाही, चीख-पुकार और मौत के खौफनाक मंजर के बीच भी कुछ ऐसा भी घटा, जिसने साबित कर दिया कि इंसानियत और प्रेम की लौ को कोई भी नफरत बुझा नहीं सकती।

Image

9/11 हमले से पनपी थीं ये दो प्रेम कहानियां (AI Generated Image)

11 सितंबर 2001- यह तारीख इतिहास के पन्नों में काले अक्षरों से दर्ज है। इस तारीख ने इंसानियत के सीने पर ऐसा गहरा जख्म दिया जिसकी टीस आज भी महसूस होती है। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए भयानक आतंकवादी हमलों ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। नीले, साफ आसमान में अचानक काले धुएं का एक ऐसा खौफनाक गुबार उठा, जिसने दिन के उजाले को निगल लिया। चारों तरफ सिर्फ चीखें थीं। कुछ अपनों को पुकारती हुईं, कुछ खौफ से कांपती हुईं।

दूसरी तरफ इसी तबाही, चीख-पुकार और मौत के खौफनाक मंजर के बीच भी कुछ ऐसा भी घटा, जिसने साबित कर दिया कि इंसानियत और प्रेम की लौ को कोई भी नफरत बुझा नहीं सकती। जी हां, उस दिन जब नफरत और आतंक अपनी सबसे भयानक शक्ल में सामने था, उसी वक्त प्यार के फूल भी खिल रहे थे। त्रासदी के उस अंधेरे दौर से निकली दो ऐसी ही दास्तानें आज भी यकीन दिलाती हैं कि सबसे बुरे दौर में भी प्यार जीत सकता है।

बेहद खौफनाक था मंजर

11 सितंबर की सुबह हमेशा की तरह बेहद सामान्य थी। लोग अपने दफ्तरों में काम पर लौट रहे थे और न्यूयॉर्क की सड़कों पर सामान्य चहल-पहल थी। अचानक आसमान से उड़ते दो विमान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के दो विशाल टावरों में जा घुसे। पलक झपकते दोनों बहुमंजिला इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं।

हजारों टन मलबे और धुएं के गुबार के बीच हर तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी। लोग जान बचाने के लिए बदहवास इधर-उधर भाग रहे थे। इस भयावह स्थिति में जहां आम इंसान सुरक्षित जगहों की तरफ भाग रहा था, वहीं कुछ साहसी दिल मलबे की ओर कदम बढ़ा रहे थे।

9/11 हमले की खौफनाक तस्वीर (Photo: Reuters)

9/11 हमले की खौफनाक तस्वीर (Photo: Reuters)

मलबे में मसीहा बनकर पहुंचा मरीन अफसर

इस भयानक तबाही की खबर जैसे ही अमेरिकी सेना के पूर्व मरीन जेसन थॉमस को मिली, उन्होंने बिना देरी के ग्राउंड जीरो का रुख किया। उनके पास न तो किसी का आदेश था और न ही कोई सरकारी जिम्मेदारी। उनके दिल में सिर्फ एक ही जज्बा था- जितनी हो सके उतनी जिंदगियां बचाना।

जेसन ने तुरंत अपनी पुरानी मिलिट्री यूनिफॉर्म पहनी और सीधे जलते और ढहते मलबे के बीच पहुंच गए। धुएं के कारण देखना मुश्किल था और लगातार गिरते मलबे के बीच जान का खतरा बना हुआ था। फिर भी, जेसन बिना अपनी परवाह किए दबे हुए लोगों की तलाश में जुट गए।

मलबे के नीते मिली मोहब्बत

मलबे के ढेर के नीचे फंसी थीं एरिन गुडविन। चारों तरफ फैली लोहे की बीम, सीमेंट के स्लैब और काले धुएं के बीच एरिन की सांसें फूल रही थीं और उनके बचने की उम्मीदें लगातार धुंधली होती जा रही थीं।

तभी जेसन थॉमस की नजर मलबे के बीच से आ रही हल्की हलचल पर पड़ी। जेसन ने अपनी जान जोखिम में डालकर पत्थरों और मलबे को हटाना शुरू किया। घंटों की मशक्कत और कड़ी मेहनत के बाद जेसन ने एरिन को ढूंढ़ निकाला और सुरक्षित बाहर खींच लिया। मौत के बिल्कुल करीब पहुंच चुकी एरिन के लिए जेसन उस दिन फरिश्ता बनकर पहुंचे थे।

घटा दर्द, बढ़ा प्यार

तबाही के उस खौफनाक मंजर से बाहर निकलने के बाद एरिन और जेसन के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। हादसे ने दोनों की जिंदगी को हमेशा के लिए बदल दिया था। एरिन के लिए जेसन वह इंसान बन चुके थे जिन्होंने नफरत के उस दौर में उन्हें निस्वार्थ इंसानियत का एहसास कराया था।

समय बीता। एरिन के शरीर पर लगे जख्म भरने लगे थे। दर्द कम होता जा रहा था। इसी बीच जेसन के साथ उनका प्यार भी परवान चढ़ रहा था। हादसे का दर्द साझा करते-करते दोनों एक-दूसरे के दिल के बेहद करीब आ गए। जो रिश्ता तबाही के मलबे के बीच एक उम्मीद के रूप में शुरू हुआ था, वह आगे चलकर जीवनभर के अटूट साथ में बदल गया और दोनों ने शादी कर ली।

जब बियॉन्का के हाथ को मिला वेसले का साथ

9/11 की त्रासदी के दौरान केवल जेसन और एरिन ही नहीं, बल्कि बियॉन्का और वेसले की कहानी भी इंसानियत और प्यार की एक मिसाल बनकर उभरी। जब विमान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से टकराए, तो बियॉन्का और वेसले दोनों ही टावर के अलग-अलग फ्लोर्स पर मौजूद थे।

धमाके के बाद पूरी इमारत हिल गई थी। चारों तरफ जहरीला धुआं भर चुका था और सीढ़ियों पर हजारों लोगों की भगदड़ मची थी। उस अफरा-तफरी और डर के माहौल में दोनों सैकड़ों लोगों को साथ वो दोनों भी अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे। किस्मत ने दोनों को सीढ़ियों के पास ला मिलाया।

सीढ़ियों से उतरते कदम और शादी का खूबसूरत वादा

जब बियॉन्का और वेसले एक-दूसरे से मिले, तो उन्होंने तय किया कि चाहे कुछ भी हो जाए, वे एक-दूसरे का हाथ नहीं छोड़ेंगे। सीढ़ियों से नीचे उतरते समय चारों तरफ से आ रही चीखों और गिरते मलबे के बीच दोनों एक-दूसरे की ढाल बने रहे।

एक-दूसरे का हाथ थामे दोनों किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। मौत को इतनी करीब से देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि जिंदगी में किसी ऐसा का साथ होना, जिसपर हम विश्वास कर सकें, कितना जरूरी है। इस हादसे ने उनके भरोसे को इतना मजबूत कर दिया कि बाद में दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला कर लिया।

नफरत के बाजार में जिंदा रहता है प्यार

9/11 का हमला इतिहास में आतंक और नफरत का सबसे वीभत्स चेहरा माना जाता है। वहीं एरिन-जेसन और बियॉन्का-वेसले की प्रेम कहानियां हमें ये विश्वास दिलाती हैं कि दुनिया की कोई भी ताकत दो इंसानों के बीच के प्यार और निस्वार्थ भावना को खत्म नहीं कर सकती। इन प्रेम कहानियों ने साबित किया कि भरे नफरत की दीवारें कितनी भी ऊंची उठती जाएं, प्यार की बुनियाद पर एक नया आशियाना बनकर ही रहता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article