लाइफस्टाइल

Chef Prateek's Kitchen की अचारी आलू रेसिपी, साधारण आलू में अचार का ऐसा ट्विस्ट, स्वाद आएगा बिल्कुल अलग

अगर रोज की आलू की सब्जी से मन भर गया है, तो अचार का छोटा-सा ट्विस्ट इसे बिल्कुल नया स्वाद दे सकता है। Chef Prateek's Kitchen की बताई रेसिपी में मसालेदार आलू, दही और अचार मिलकर खास स्वाद बनाते हैं।

Image

अचारी आलू की रेसिपी

Achari Aloo Recipe in Hindi: आलू की सब्जी घर में कितनी भी बार बन जाए, फिर भी कभी-कभी वही पुराना स्वाद बोर करने लगता है। ऐसे में पूरी रेसिपी बदलने की जरूरत नहीं, बस एक छोटी-सी चीज का ट्विस्ट काफी है। Chef Prateek's Kitchen की बताई अचारी आलू की यह रेसिपी इसी आइडिया पर टिकी है। इसमें आलू को मसालों के साथ पहले पकाया जाता है और फिर दही, बेसन और अचार से तैयार मिश्रण के साथ धीमी आंच पर पकाया जाता है।

सबसे दिलचस्प हिस्सा है इसमें इस्तेमाल होने वाला अचार, जो साधारण आलू को खट्टा, मसालेदार और थोड़ा चटपटा अंदाज देता है। Chef Prateek के मुताबिक, अचार डालने से सब्जी का स्वाद काफी अलग और अनोखा हो जाता है और जिन्हें अचार पसंद है, उन्हें यह डिश खास तौर पर पसंद आ सकती है। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ आराम से परोसा जा सकता है।

अचारी आलू की सामग्री

आलू – 4 से 5 बड़े

दही – ½ कप

अचार – 1 से 2 बड़े चम्मच

बेसन – 2 बड़े चम्मच

तेल – लगभग 6 से 7 बड़े चम्मच

प्याज – 1 बारीक कटा हुआ

हरी मिर्च – 1 से 2, स्वादानुसार

अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच

धनिया पाउडर – 2 छोटे चम्मच

कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर – 2 से 2½ छोटे चम्मच

हल्दी – 1 छोटा चम्मच

जीरा पाउडर – ½ छोटा चम्मच

जीरा – ½ छोटा चम्मच

गरम मसाला – ½ छोटे चम्मच से कम

नमक – स्वादानुसार

पानी – लगभग 2 कप

हरा धनिया – सजाने के लिए

Achari Aloo Recipe in hindi

Achari Aloo Recipe in hindi

अचारी आलू की रेसिपी इन हिंदी

  • इस रेसिपी में आलू को छोटे टुकड़ों में नहीं, बल्कि थोड़े बड़े टुकड़ों में काटना बेहतर रहेगा। कटे आलू में धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
  • अब पैन में करीब तीन से चार चम्मच तेल गर्म करें और मसाले लगे आलू डाल दें। इन्हें मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक आलू अच्छी तरह पककर हल्के से सिक न जाएं। इसके बाद इन्हें एक तरफ निकालकर रख दें।
  • अब एक बाउल में आधा कप दही लें। इसमें धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, थोड़ा गरम मसाला, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, नमक और करीब दो चम्मच बेसन डालें।
  • अब आता है इस सब्जी का सबसे खास ट्विस्ट—अचार। इसमें करीब एक से दो चम्मच अचार डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह फेंट लें। अचार की मात्रा आप अपने स्वाद और उसकी तीखापन के हिसाब से थोड़ा कम-ज्यादा कर सकते हैं।

  • दूसरे पैन में करीब तीन चम्मच तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालने के बाद बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालें। प्याज को अच्छी तरह पकने दें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर भूनें।
  • अब पहले से पकाए हुए आलू पैन में डालकर प्याज के मसाले के साथ अच्छी तरह मिला दें। यही वह स्टेज है जहां आलू मसाले का स्वाद पकड़ना शुरू करते हैं।
  • अब तैयार दही-अचार वाला मिश्रण पैन में डालें और तुरंत अच्छी तरह मिला दें। इसके बाद करीब दो कप पानी डालकर सब्जी को मिलाएं।
  • गैस धीमी कर दें और पैन को ढककर कुछ मिनट पकने दें। दही वाली ग्रेवी को तेज आंच देने के बजाय धीमी आंच पर पकाना इस रेसिपी में बेहतर रहेगा। दो-तीन मिनट बाद ढक्कन हटाकर सब्जी को हल्के हाथ से चलाएं।
  • आखिर में धनिया और फिर सीधा प्लेट में
  • जब ग्रेवी आपकी पसंद के अनुसार तैयार हो जाए, तो ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें। बस, अचारी आलू तैयार हैं।

Chef Prateek के बताए इस आइडिया की खास बात यह है कि इसमें कोई बहुत अलग या मुश्किल सामग्री नहीं चाहिए। घर में रखा अचार ही पूरी सब्जी का मूड बदल देता है। अगर आपको अचार का खट्टा-चटपटा स्वाद पसंद है, तो अगली बार आलू बनाते समय सिर्फ सूखी सब्जी के बारे में मत सोचिए—अचार की बोतल भी बाहर निकाल लीजिए।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article