A1 VS A2 Milk: सुबह की चाय हो, बच्चों का नाश्ता या रात का हल्का भोजन दूध भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में दूध को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है - A1 मिल्क और A2 मिल्क क्या ज्यादा हेल्दी है? बाजार में A2 दूध को ज्यादा हेल्दी और आसानी से पचने वाला बताकर बेचा जा रहा है, जबकि कई लोग इसे सिर्फ मार्केटिंग ट्रेंड मानते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर A1 और A2 दूध में फर्क क्या है, कौन सा दूध जल्दी हजम (Easy to Digest Milk) होता है और सेहत के लिए कौन बेहतर माना जाता है? आज हम आपको इस पूरे विषय को आसान भाषा में समझाते हैं।
A1 और A2 मिल्क में क्या अंतर होता है?
दूध में कई तरह के प्रोटीन पाए जाते हैं, जिनमें बीटा-केसिन नाम का प्रोटीन प्रमुख है। इस बीटा-केसिन प्रोटीन की मात्रा के आधार पर दूध को A1 और A2 कैटेगरी में बांटा जाता है। A1 मिल्क में A1 प्रकार का बीटा-केसिन प्रोटीन होता है। जबकि A2 मिल्क में A2 प्रकार का बीटा-केसिन प्रोटीन पाया जाता है। दूध का यह अंतर गायों की नस्ल पर निर्भर करता है। भारतीय देसी गायें जैसे गिर, साहिवाल और रेड सिंधी आमतौर पर A2 दूध देती हैं, जबकि कई विदेशी नस्लों जैसे होल्स्टीन और फ्रीजियन गायों के दूध में A1 प्रोटीन ज्यादा पाया जाता है।
A2 दूध को क्यों माना जाता है बेहतर?
आपने अक्सर सुना होगा कि A2 दूध पेट के लिए हल्का होता है और इसे पचाना आसान होता है। इसकी सबसे बड़ी वजह इस दूध में मौजूद प्रोटीन की संरचना है। जब A1 दूध पचता है तो शरीर में BCM-7 नाम का एक कंपाउंड बनता है, जिसे कुछ रिसर्च पेट से जुड़ी समस्याओं का कारण मानती हैं। वहीं A2 दूध के पाचन में यह कंपाउंड बहुत कम या नहीं बनता है, इसलिए इसे पचाना काफी आसान माना जाता है। हालांकि इस विषय पर अभी वैज्ञानिक शोध जारी हैं, क्योंकि अभी तक मौजूद सभी रिसर्च एक जैसी राय नहीं देतीं हैं।

कौन सा दूध है पाचन में आसान
कौन सा दूध जल्दी हजम होता है?
कई लोग दूध पीने के बाद पेट फूलना, गैस, भारीपन या अपच जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं। ऐसे लोगों के लिए A2 दूध एक बेहतर विकल्प माना जाता है। माना जाता है कि यह पेट के लिए हल्का होता है और आसानी से पच सकता है। कई लोगों का अनुभव है कि A2 दूध पीने के बाद ब्लोटिंग कम महसूस होती है, पेट हल्का रहता है और शरीर में सुस्ती भी कम आती है। यही वजह है कि हेल्थ कॉन्शियस लोग इसे काफी ज्यादा पसंद कर रहे हैं। हालांकि हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया देता है, इसलिए इसका असर सभी पर एक जैसा हो यह जरूरी नहीं है।
A1 या A2 दूध में से किसे चुनें?
A1 और A2 दूध के बीच सबसे बड़ा अंतर उनके प्रोटीन में होता है। A2 दूध को कई लोग पाचन के लिए बेहतर मानते हैं और कुछ रिसर्च भी इसकी ओर इशारा करती हैं। हालांकि यह जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति के लिए A2 दूध ही सबसे अच्छा हो।
अगर आपको सामान्य दूध से कोई परेशानी नहीं होती है, तो A1 दूध भी आपके लिए सुरक्षित और पोषण से भरपूर है। लेकिन यदि दूध पीने के बाद पेट पाचन से जुड़ी समस्याएं होती हैं, तो आपके लिए A2 दूध ट्राई करना फायदेमंद हो सकता है।
